राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस, कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी जेल भेजे गए, 79 लाख बरामद, पांच से छह SBI कर्मी भी शामिल

top-news
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों को अदालत ने 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जांच में अब तक 79.85 लाख रुपये बरामद हुए हैं। मामले में सरकारी कर्मचारियों और बैंक कर्मियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में गिरफ्तार सभी आठ आरोपियों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला एवं सत्र न्यायालय फैजाबाद में पेश किया गया। अदालत में सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पेशी से पहले सभी आरोपियों का पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद एसओजी की टीम उन्हें न्यायालय लेकर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ पूरे परिसर की निगरानी की गई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी के बाद सभी आरोपियों को अयोध्या जिला जेल भेज दिया गया। इस मामले की जांच लगातार जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।


कड़ी सुरक्षा के बीच हुई पेशी

राम मंदिर से जुड़े इस चर्चित मामले को देखते हुए पेशी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी स्वयं न्यायालय परिसर में मौजूद रहे और पूरे इंतजामों की निगरानी करते रहे। आम लोगों की आवाजाही पर भी विशेष नजर रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। एसओजी प्रभारी अपनी टीम के साथ आरोपियों को अदालत लेकर पहुंचे और सुनवाई पूरी होने के बाद उन्हें वापस सुरक्षा घेरे में जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और जांच के दौरान सामने आने वाले हर तथ्य को गंभीरता से परखा जाएगा।


79.85 लाख रुपये बरामद

सीजेएम कोर्ट में अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आठ आरोपियों में से सात के पास से कुल 79 लाख 85 हजार 493 रुपये बरामद किए गए हैं। एक आरोपी सुभाष के पास से कोई रकम बरामद नहीं हुई, लेकिन उसे कथित साजिश में शामिल बताया गया है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित विशेष अदालत का कामकाज अवकाश के कारण नहीं हुआ, इसलिए आरोपियों को सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सोमवार को सभी आरोपियों को फिर अदालत में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियां इस मामले में सरकारी कर्मचारियों और भारतीय स्टेट बैंक के पांच से छह कर्मचारियों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही हैं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *