प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत नोएडा पुलिस में बड़ा बदलाव, 13 निरीक्षकों के तबादले, जानिए किसे कहाँ मिली जिम्मेदारी

top-news
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक जरूरतों के तहत बड़ा फेरबदल किया गया है। कुल 13 निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं, जिसमें कई थानों और शाखाओं में नई तैनाती शामिल है। इस बदलाव का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।

प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के तहत कुल 13 निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं, जिनमें थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारी शामिल हैं। तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण थानों जैसे जेवर, सूरजपुर, कासना, फेस-1, नॉलेज पार्क और साइबर क्राइम थाने शामिल हैं। इस फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के दृष्टिकोण से देखा जा रहा है। आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


जेवर, सूरजपुर और साइबर क्राइम समेत कई थानों में बदलाव

तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक संजय कुमार को थाना जेवर से थाना सूरजपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि अजय कुमार सिंह को इकोटेक-3 से जेवर भेजा गया है। विनोद कुमार चाहर को सूरजपुर से नॉलेज पार्क थाना की जिम्मेदारी दी गई है। सर्वेश चंद्र को नॉलेज पार्क से एएचटी थाना में तैनात किया गया है, वहीं विध्यांचल तिवारी को एएचटी से साइबर क्राइम थाना भेजा गया है। रणजीत कुमार सिंह को अपराध शाखा से इकोटेक-3 थाना का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा धर्मेंद्र कुमार शुक्ल को कासना से फेस-1 थाना भेजा गया है और पंकज शर्मा को शिकायत प्रकोष्ठ से कासना की जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव से कई महत्वपूर्ण थानों में नई कार्यशैली देखने को मिल सकती है।


आईटी सैल और मीडिया सेल में भी बदलाव

तबादला सूची में पुलिस लाइन, आईटी सैल, आईजीआरएस और मीडिया सैल से जुड़े अधिकारियों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। विनोद कुमार मिश्र को सेक्टर-142 थाना से पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि संजय कुमार को पुलिस लाइन से दोबारा सेक्टर-142 थाना की जिम्मेदारी दी गई है। अमित कुमार मान को फेस-1 से आईटी सैल सेंट्रल नोएडा भेजा गया है और पुष्पराज सिंह को आईटी सैल से शिकायत प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं उमेश नैथानी को आईजीआरएस सैल के साथ-साथ मीडिया सैल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पुलिस विभाग का मानना है कि इस फेरबदल से कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा जनता से जुड़े मामलों में तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *