देशभर में मौसम का डबल अटैक: कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं 43 डिग्री से ऊपर तापमान, कई राज्यों में अलर्ट जारी

top-news
देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश और आंधी का दौर जारी है, जबकि कई इलाकों में भीषण गर्मी बनी हुई है। उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के संकेत मिल चुके हैं और मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश तथा हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक ओर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली समेत कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, तो दूसरी ओर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भीषण गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री के लिए अनुकूल मौसमी सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अगले 24 घंटे के भीतर इसके प्रदेश में प्रवेश की संभावना जताई गई है।

कई राज्यों में मौतें और असम में बाढ़ का संकट
सोमवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ समेत 15 जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि मिर्जापुर में अंडरपास में पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। फिरोजाबाद में आंधी के दौरान नीम का पेड़ ई-रिक्शा पर गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। बस्ती और महराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई। बिहार में भी बिजली गिरने की घटनाओं में चार लोगों की मौत और 24 लोग झुलस गए। छत्तीसगढ़ के सरगुजा में बिजली गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, अरुणाचल प्रदेश और असम में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। असम के छह जिलों में 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं, जबकि धेमाजी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित बताया गया है। बाढ़ के कारण 96 गांव जलमग्न हो गए हैं और हजारों हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।


कहीं हीटवेव तो कहीं भारी बारिश का अलर्ट
देश के कई हिस्सों में बारिश के बावजूद भीषण गर्मी का दौर जारी है। हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली, बांदा, खजुराहो, आनंदपुर साहिब और सुरेंद्रनगर में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा। मौसम विभाग के अनुसार 1 और 2 जुलाई को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश के 50 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है, जबकि राजस्थान के 26 जिलों में प्री-मानसून बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि यदि मौजूदा सिस्टम सक्रिय रहा तो 5 जुलाई तक मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *