1 जुलाई से बदल गए कई बड़े नियम, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ 180 रुपए सस्ता, बिना टिकट यात्रा पर बढ़ा जुर्माना, जानिए 8 बड़े बदलाव
- Shiv Kumar
- 01 Jul, 2026
जुलाई महीने की शुरुआत के साथ देशभर में कई नए नियम लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। कुछ फैसलों से लोगों को राहत मिलेगी तो कुछ बदलाव जेब पर अतिरिक्त बोझ डालेंगे। 1 जुलाई से कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है, वहीं पासपोर्ट बनवाना और री-इश्यू कराना पहले से महंगा हो गया है। इसके अलावा ट्रेन में बिना टिकट सफर करने वालों पर अब पहले से ज्यादा जुर्माना लगाया जाएगा। आधार कार्ड, डीजल बिक्री और हवाई ईंधन से जुड़े नियमों में भी बदलाव किए गए हैं, जिनका असर अलग-अलग वर्गों पर देखने को मिलेगा।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटे, ईंधन से जुड़ी राहत भी मिली
तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 180 रुपये तक की कटौती की है। राजधानी दिल्ली में इसकी नई कीमत 2930 रुपये तय की गई है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग कारोबार का खर्च कम होने की उम्मीद है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दूसरी ओर निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपये और डीजल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। साथ ही पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा भी हटा दी गई है। इससे ट्रांसपोर्टरों, उद्योगों और बड़े उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है और माल ढुलाई की लागत भी कम हो सकती है।
पासपोर्ट के लिए ज्यादा खर्च, रेलवे ने भी सख्त किए नियम
अब नया पासपोर्ट बनवाना या पुराने पासपोर्ट का नवीनीकरण पहले की तुलना में महंगा हो गया है। केंद्र सरकार ने 14 साल बाद पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी लागू की है। सामान्य और तत्काल दोनों श्रेणियों में फीस बढ़ाई गई है। वहीं रेलवे ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर भी सख्ती बढ़ा दी है। अब पकड़े जाने पर यात्रियों को टिकट के किराए के अलावा कम से कम 500 रुपये जुर्माना देना होगा। पहले यह राशि 250 रुपये थी। गंभीर मामलों में अदालत दोषी पाए जाने पर छह महीने तक की सजा या अतिरिक्त जुर्माना भी लगा सकती है। सरकार का मानना है कि इससे बिना टिकट यात्रा की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
आधार अपडेट मुफ्त, उड़ान और कार खरीदने वालों पर भी असर
आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट कराने वालों के लिए राहत की खबर है। यूआईडीएआई ने 31 दिसंबर 2026 तक यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क कर दी है। पहले इसके लिए 75 रुपये शुल्क देना पड़ता था। वहीं एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है, जिससे आने वाले समय में हवाई यात्रा सस्ती होने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर नई कार खरीदने वालों को अब अधिक कीमत चुकानी होगी। कई प्रमुख वाहन कंपनियों ने 1 जुलाई से अपने विभिन्न मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी है। इसका असर पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर भी पड़ेगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






