यूपी के 20 जिलों में झमाझम बारिश, लखनऊ पहुंचा मानसून, आज 75 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
- Shiv Kumar
- 02 Jul, 2026
उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर अब पूरे प्रदेश में साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार देर रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह भी कई जिलों में जारी रही। लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी, बलिया सहित करीब 20 जिलों में लगातार या रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई, जबकि नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर समेत कई शहरों में सुबह से बादलों का डेरा बना रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राजधानी लखनऊ में सुबह हल्की फुहारों के बाद तेज बारिश ने मौसम सुहावना बना दिया।
48 घंटे में पूरे उत्तर प्रदेश में फैल जाएगा मानसून
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अब लखनऊ तक पहुंच चुका है और तेजी से पूर्व व पश्चिम उत्तर प्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है। यह अयोध्या, मेरठ और बदायूं के रास्ते आगे बढ़ते हुए अगले 24 से 48 घंटे में पूरे प्रदेश को अपने दायरे में ले लेगा। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मानसून सक्रिय रहने के कारण अगले चार से पांच दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।
बारिश और बिजली गिरने से कई जगह हादसे
मानसून की पहली तेज बारिश कई इलाकों में आफत भी लेकर आई। सोनभद्र में तेज बहाव वाले नाले में एक महिला अपनी मासूम बच्ची के साथ बह गई। बच्ची का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि महिला की तलाश जारी है। फतेहपुर में खेत में काम कर रहे 17 वर्षीय किशोर की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं बलिया में भी एक किसान वज्रपात की चपेट में आ गया, जिसकी उपचार के दौरान जान चली गई। लगातार बारिश के कारण कई जिलों में खेतों में पानी भर गया है। बलिया में परवल की फसल डूबने से किसानों ने भारी नुकसान की आशंका जताई है।
भारी बारिश और वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए बांदा, बरेली, प्रयागराज, मेरठ, रामपुर और सोनभद्र समेत 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज और आसपास के 28 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और खुले मैदानों व पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की अपील की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






