अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बवाल, फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने खोला मोर्चा, FIR की मांग तेज
- Shiv Kumar
- 02 Jul, 2026
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर से चढ़ावा और सोना-चांदी की कथित चोरी के मामले में अब नया विवाद खड़ा हो गया है। आठ आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के बाद भी मामले की जांच का दायरा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। गुरुवार को द फैजाबाद बार एसोसिएशन के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक बड़ा समूह राम जन्मभूमि थाने की ओर एफआईआर दर्ज कराने के लिए निकला, लेकिन सिविल लाइंस पुलिस चौकी के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिवक्ताओं ने जय श्रीराम के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
चंपत राय समेत तीन पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
द फैजाबाद बार एसोसिएशन ने इस मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा और व्यवस्थापक गोपाल राव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है। अधिवक्ताओं का कहना है कि केवल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी से जांच पूरी नहीं मानी जा सकती। उनका आरोप है कि मामले से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कलिका प्रसाद मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन अधिवक्ता तब तक पीछे नहीं हटेंगे, जब तक कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं हो जाती।
थाने में शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के बाद फैजाबाद बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल राम जन्मभूमि थाने पहुंचा और तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए अधिवक्ताओं को रिसीविंग स्लिप भी जारी की। बार एसोसिएशन का कहना है कि इस संवेदनशील मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है, जबकि आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






