SIR में तेजी, हर घर पहुंचेगा BLO, जानिए क्या रखना होगा तैयार ? भरवाएंगे ये फॉर्म !
फरीदाबाद के उपायुक्त ने घर-घर जाकर फॉर्म भरने का आदेश दिया। BLO अब नागरिकों के घरों में पहुंचेंगे। 14 जुलाई तक SIR पूरी होनी है।
- Babli Ansari
- 03 Jul, 2026
फरीदाबाद के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन फॉर्म वितरित करने और उन्हें भरवाकर वापस एकत्र करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश के अनुसार प्रत्येक BLO को 14 जुलाई तक अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं तक पहुंचकर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। चुनाव आयोग का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें ताकि सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
14 जुलाई तक घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे BLO
फरीदाबाद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक कर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने बताया कि 16 जून को फ्रीज की गई मतदाता सूची के आधार पर एन्यूमरेशन फॉर्म तैयार किए गए हैं। अब BLO प्रत्येक घर तक पहुंचकर नागरिकों को फॉर्म उपलब्ध कराएंगे, उन्हें भरवाएंगे और वापस जमा करेंगे। इस दौरान मतदाताओं की पहचान, पता और परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियों का सत्यापन भी किया जाएगा।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने सभी राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी पक्षों की भागीदारी जरूरी है। अधिकारियों ने बताया कि जिन परिवारों का पता हाल के दिनों में बदला है या अन्य परिस्थितियों के कारण दस्तावेजों में बदलाव हुआ है, उन्हें सत्यापन के दौरान आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होगी ताकि मतदाता सूची सही तरीके से अपडेट की जा सके।
चुनाव आयोग ने दिए अभियान तेज करने के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर SIR अभियान को तेजी से पूरा करने के लिए सभी जिलों में विशेष रणनीति अपनाई गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे घर-घर जाकर लोगों को प्रक्रिया की जानकारी दें और निर्धारित समय के भीतर सभी फॉर्म एकत्र करें। नागरिकों से अपील की गई है कि BLO के आने से पहले पहचान, पते और परिवार से जुड़े आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि 14 जुलाई तक इस अभियान को हर हाल में पूरा किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को समय पर अद्यतन किया जा सके।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






