नैनीताल घूमने आया परिवार उजड़ गया, होटल की बालकनी से गिरकर 3 साल के मासूम की मौत
बालकनी की रेलिंग बनी हादसे की वजह, 20 फीट नीचे गिरने से मासूम ने तोड़ा दम, नैनीताल घूमने आया परिवार
- Babli Ansari
- 06 Jul, 2026
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में छुट्टियां मनाने आए मध्य प्रदेश के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भवाली रोड स्थित एक होटल की बालकनी से करीब 20 फीट नीचे गिरने से तीन वर्षीय मासूम गौरांत की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा खेलते-खेलते बालकनी में पहुंच गया और संतुलन बिगड़ने से नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल बच्चे को पहले बीडी पांडे अस्पताल, फिर हल्द्वानी और बाद में दिल्ली रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
खेलते-खेलते हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के रानापुर निवासी विशाल सोनी अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे। परिवार भवाली रोड के जोखिया क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। रविवार सुबह गौरांत कमरे के बाहर बालकनी में खेल रहा था। इसी दौरान रेलिंग में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 20 फीट नीचे जा गिरा। हादसे के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
इलाज के दौरान नहीं बच सकी जान
परिजन घायल बच्चे को तुरंत बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हल्द्वानी रेफर किया गया। जांच में सिर और गर्दन में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। पिता विशाल सोनी के अनुसार दिल्ली पहुंचने से लगभग 20 किलोमीटर पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जिस बालकनी से बच्चा गिरा, वहां रेलिंग में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर स्थित होटलों में बच्चों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कुछ ही पलों पहले तक परिवार के साथ खेलता-कूदता मासूम अब सिर्फ यादों में रह गया। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर शोक जताया है और प्रशासन से होटल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






