ग्रेटर नोएडा में बारिश के बाद अलर्ट मोड में प्राधिकरण, जलभराव से निपटने के लिए अफसर खुद उतरे मैदान में

top-news
ग्रेटर नोएडा में तेज बारिश के बाद जलभराव से निपटने के लिए प्राधिकरण की टीमें सुबह से फील्ड में तैनात रहीं। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पंप लगाकर पानी निकासी के साथ ड्रेनेज व्यवस्था सुधारी।

तेज बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीमें सुबह से ही फील्ड में सक्रिय रहीं। बुधवार रात और गुरुवार सुबह हुई भारी बारिश के बाद प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया और पंप लगाकर पानी की निकासी कराई। साथ ही नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का काम भी तेजी से कराया गया।


सीईओ ने दिए फील्ड में रहने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बारिश को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में रहने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। सीईओ के निर्देश के बाद वर्क सर्किल की टीमों से लेकर वरिष्ठ अधिकारी तक अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करते नजर आए।


अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, जगह-जगह कराया पानी निकासी का काम

जलभराव वाले इलाकों में प्राधिकरण की टीमों ने पंप लगाकर पानी निकालने का काम किया। जिन सड़कों पर पानी जमा हुआ, वहां नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कराई गई। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सेक्टर ईकोटेक-2 और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वहीं एसीईओ सुमित यादव ने ईकोटेक-3 और 130 मीटर रोड का जायजा लिया। जीएम एके सिंह और डीजीएम विजय कुमार रावल भी टीमों के साथ मौके पर मौजूद रहे।


गोलचक्करों और प्रमुख सड़कों पर तैनात रहीं टीमें

डीजीएम विजय कुमार रावल ने बैनेट यूनिवर्सिटी, सिरसा गोलचक्कर, ट्रकर्स प्वाइंट समेत आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। शहर के प्रमुख गोलचक्करों के आसपास जलभराव रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात की गईं। प्राधिकरण की वर्क सर्किल और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम नालों की सफाई के लिए ग्रामवार शेड्यूल के अनुसार काम कर रही है। बारिश के दौरान सभी टीमें जलभराव से जुड़े अपडेट लगातार साझा करती रहीं। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, नागेंद्र सिंह, नरोत्तम सिंह, प्रभात शंकर समेत सभी वर्क सर्किल के अधिकारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक और सुपरवाइजर भी मौके पर सक्रिय रहे। प्राधिकरण का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के लिए लगातार निगरानी और सुधार कार्य जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *