देश में फिर बारिश का तांडव! UP-बिहार से दिल्ली तक IMD Alert, असम में 98 मौतें

top-news
देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर तेज हो गया है। IMD ने यूपी, बिहार, दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने आने वाले घंटों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी तरफ असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है, जहां मृतकों की संख्या बढ़कर 98 पहुंच गई है।

UP-बिहार में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और सोनभद्र समेत कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को खुले इलाकों में सावधानी बरतने और पेड़ों या कमजोर ढांचों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। बिहार में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पटना, गया, बक्सर, सारण, सीवान, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। यहां हवाओं की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दिल्ली में भी तेज बारिश की चेतावनी

राजधानी दिल्ली में भी शनिवार को मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार बारिश के कारण दिल्ली-NCR में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या भी बढ़ सकती है। इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में बारिश का दौर काफी सक्रिय रहा है और शहर ने अगस्त के पहले सप्ताह में 16 वर्षों में सबसे ज्यादा बारिश वाले दौरों में से एक दर्ज किया है।

असम में बाढ़ से 98 लोगों की मौत

सबसे गंभीर स्थिति असम में बनी हुई है। राज्य में बाढ़ से मौतों का आंकड़ा 98 पहुंच गया है। हालांकि प्रभावित लोगों की संख्या कुछ कम हुई है, लेकिन अभी भी करीब 1.55 लाख लोग प्रभावित हैं। राज्य के 13 जिलों में बाढ़ का असर बना हुआ है और सैकड़ों गांव पानी से प्रभावित हैं , प्रभावित जिलों में शिवसागर, गोलाघाट, नागांव, होजाई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, बिस्वनाथ, कामरूप, लखीमपुर, उदलगुरी, जोरहाट और चराइदेव शामिल हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है।

बंगाल और ओडिशा में भी भारी बारिश का खतरा

IMD के मुताबिक बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके कारण पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश जारी रह सकती है। 8 अगस्त को ओडिशा के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने हिमाचल, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल समेत कई इलाकों में भारी बारिश के साथ फ्लैश फ्लड और भूस्खलन जैसे जोखिमों को लेकर भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यानी अगले कुछ दिन देश के कई हिस्सों के लिए मौसम के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं। एक तरफ असम पहले से बाढ़ की मार झेल रहा है, तो दूसरी तरफ दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार और पूर्वी भारत तक बारिश का नया दौर परेशानी बढ़ा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *