BJP ने जारी की राज्य प्रभारियों की नई लिस्ट, UP की कमान विनोद तावड़े को, जगदीश ईश्वरभाई पटेल को मिली सह प्रभारी की जिम्मेदारी

top-news
भाजपा ने राज्यों के नए प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं सतीश पूनिया और तरुण चुघ को पंजाब और गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को राज्यों के नए प्रभारियों और सह प्रभारियों की सूची जारी कर दी है। इस बदलाव में उत्तर प्रदेश सबसे अहम रहा है।, जहां 2027 विधानसभा चुनाव से पहले विनोद तावड़े को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. सतीश पूनिया को पंजाब और तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राजनीतिक राज्य में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब तावड़े के सामने संगठन को चुनावी मोड में लाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने की बड़ी चुनौती होगी।


यूपी चुनाव से पहले तावड़े को मिली अहम जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए विनोद तावड़े की नियुक्ति को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तावड़े भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। अब उन्हें प्रदेश की चुनावी जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी बनाया गया है। पटेल भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं। दोनों नेताओं के सामने प्रदेश संगठन के साथ समन्वय, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की जिम्मेदारी होगी। पार्टी की नई नियुक्ति को 2027 से आगे के चुनावी रोडमैप के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।


पंजाब और गुजरात में भी बदले प्रभारी

भाजपा ने उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब और गुजरात में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पंजाब का प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को बनाया गया है। पूनिया पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद हैं। वहीं गुजरात की जिम्मेदारी तरुण चुघ को सौंपी गई है। चुघ भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी होने के साथ राज्यसभा सांसद भी हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची में पंजाब के लिए किसी सह प्रभारी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। वहीं तीनों राज्यों में नई नियुक्तियों के साथ पार्टी ने संगठन को आने वाले चुनावों के लिए तैयार करने का संकेत दिया है।


भाजपा के चुनावी रोडमैप पर नजर

राज्य प्रभारियों की नई नियुक्तियों को भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर बड़े फैसले के तौर पर देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के सामने सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत रखने की चुनौती होगी। विनोद तावड़े और जगदीश ईश्वरभाई पटेल अब प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाएंगे। नई जिम्मेदारियों के जरिए भाजपा ने 2027 से 2029 तक के चुनावी दौर के लिए संगठनात्मक समीकरण साधने की कोशिश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *