रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी में ED का बड़ा छापा, 15 अफसरों की टीम पहुंची, आजम खान और ट्रस्ट से जुड़े 10 ठिकानों पर भी रेड
- Shiv Kumar
- 19 Aug, 2026
रामपुर में सपा नेता आजम खान से जुड़ी जौहर यूनिवर्सिटी एक बार फिर जांच एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर चर्चा में है। बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी परिसर में छापेमारी शुरू की। लखनऊ से पहुंची विशेष टीम में करीब 15 अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं, जो दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है। खास बात यह है कि कार्रवाई के दौरान यूनिवर्सिटी में कक्षाएं भी चलती रहीं और पहचान पत्र की जांच के बाद छात्रों को परिसर में प्रवेश दिया गया।
250 बीघा शत्रु संपत्ति से जुड़े मामले की जांच
जानकारी के मुताबिक, ईडी की यह कार्रवाई करीब 250 बीघा शत्रु संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे और उससे जुड़े धनशोधन के मामले की जांच के तहत की जा रही है। टीम स्थानीय तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच और संपत्तियों के मूल्यांकन में जुटी है। इसके अलावा रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में आजम खान तथा जौहर यूनिवर्सिटी के ट्रस्ट से जुड़े करीब 10 ठिकानों पर भी जांच चलने की बात सामने आई है। ईडी यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी ठेकों से मिले कथित धन का इस्तेमाल किन लोगों और कंपनियों के जरिए ट्रस्ट या यूनिवर्सिटी से जुड़ी संपत्तियों और दूसरे कामों में किया गया।
यूनिवर्सिटी की इमारतों को लेकर भी चल रहा विवाद
जौहर यूनिवर्सिटी पिछले कुछ समय से जमीन और निर्माण से जुड़े विवादों के कारण भी सुर्खियों में है। 15 जुलाई को रामपुर जिलाधिकारी ने यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि इन इमारतों का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के कराया गया। हालांकि, मुरादाबाद मंडलायुक्त की अदालत ने जिलाधिकारी के आदेश पर रोक लगा दी थी। फिलहाल यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मौजूदा कार्रवाई के दौरान यूनिवर्सिटी में अभिभावकों के प्रवेश पर रोक है और उन्हें गेट से ही वापस भेजा जा रहा है।
आजम खान से जुड़े ठिकानों पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े ठिकानों पर इससे पहले भी जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं। जुलाई 2019 में ईडी ने यूनिवर्सिटी में तलाशी अभियान चलाकर दस्तावेज जब्त किए थे। इसके बाद सितंबर 2023 में आयकर विभाग और ईडी ने आजम खान के आवास समेत जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े कई ठिकानों पर करीब तीन दिन तक छापेमारी की थी। इसी दौरान संदिग्ध बैंक लेनदेन से जुड़े इनपुट सामने आने के बाद ईडी ने पूछताछ के लिए समन भी जारी किए थे। अब ताजा कार्रवाई में जांच एजेंसी दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






