नोएडा में मोबाइल स्नेचरों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल, दो अन्य को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा
- Shiv Kumar
- 22 Nov, 2026
नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में शनिवार रात मोबाइल फोन छीनने के आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद, चोरी की एक मोटरसाइकिल, तमंचा, कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सेक्टर-24 थाना पुलिस प्रकाश अस्पताल से गंदे नाले के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे सेक्टर-33 की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोप है कि खुद को पुलिस से घिरा देखकर एक बदमाश ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गाजियाबाद निवासी नीरज के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
चेकिंग के दौरान भागने लगे मोटरसाइकिल सवार
सेक्टर-24 थाना पुलिस शनिवार रात प्रकाश अस्पताल से गंदे नाले के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर सेक्टर-33 स्थित आरटीओ कट की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो हड़बड़ाहट में आरोपियों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
कॉम्बिंग के दौरान दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल आरोपी की पहचान गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पप्पू कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय नीरज पुत्र कैलाश के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान गाजियाबाद के शालीमार थाना क्षेत्र स्थित शहीद नगर निवासी 26 वर्षीय हेमंत उर्फ सनी पुत्र अशोक और 35 वर्षीय गोविंद सिंह उर्फ रिंकू पुत्र मनजीत के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।
31 मोबाइल फोन और 42 हजार रुपये बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी और स्नैचिंग के कुल 31 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा 42 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी मोबाइल फोन चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं। मुठभेड़ में घायल नीरज को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसके दोनों साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






