गौतमबुद्ध नगर में मतदाता पंजीकरण की रफ्तार धीमी, प्रदेश में 71वें स्थान पर जिला, नौ लाख पात्र लोगों के नाम जोड़ने का लक्ष्य
- Shiv Kumar
- 24 Nov, 2026
गौतमबुद्ध नगर में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर)-2027 अभियान की रफ्तार प्रदेश के अन्य जिलों के मुकाबले धीमी है। जिले में 17 से 22 नवंबर तक चले छह दिवसीय विशेष अभियान के दौरान गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में 71वें स्थान पर रहा। हालांकि, प्रति मतदान केंद्र फॉर्म-6 भरने के मामले में जिले की रैंकिंग 32वीं है। जिले में करीब नौ लाख ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनके नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। सोमवार को नोएडा के सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। अभियान पूरा करने के लिए शेष 23 दिनों में मतदाता पंजीकरण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
गाजियाबाद के मुकाबले पिछड़ा गौतमबुद्ध नगर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सबसे अधिक नए मतदाता बनने की संभावना है। गाजियाबाद में करीब साढ़े नौ से दस लाख और गौतमबुद्ध नगर में लगभग नौ लाख पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने की संभावना है। इसके बावजूद छह दिवसीय विशेष अभियान में गौतमबुद्ध नगर की स्थिति संतोषजनक नहीं रही। प्रति मतदान केंद्र फॉर्म-6 भरने के मामले में गाजियाबाद प्रदेश के सभी 75 जिलों में पहले स्थान पर है, जबकि गौतमबुद्ध नगर 32वें स्थान पर है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गौतमबुद्ध नगर में भी गाजियाबाद की तरह अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
एक दिन से ज्यादा लंबित न रहें आवेदन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्राप्त आवेदन किसी भी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के लॉगिन पर एक दिन से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए। आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को भेजा जाए। बीएलओ मौके पर पहुंचकर आवेदक का सत्यापन करें और जल्द अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इससे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर जोर
मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के दौरान 18 और 19 वर्ष की उम्र के युवाओं के साथ पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नवदीप रिणवा ने महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम तथा सखी समूहों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब को सक्रिय करने के साथ विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित करने को कहा गया है। इन प्रयासों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
16 दिसंबर तक पूरा करना होगा अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 16 दिसंबर तक का समय निर्धारित है। अधिकारियों के पास अभियान पूरा करने के लिए अब सिर्फ 23 दिन शेष हैं। ऐसे में निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचने के लिए प्रयास तेज करने होंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे। समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






