नोएडा जिला अस्पताल में मरीजों से दुर्व्यवहार पर सीएमएस सख्त, इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर समेत तीन से मांगा जवाब

top-news
नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीजों से दुर्व्यवहार और लापरवाही की शिकायतों पर सीएमएस ने सख्ती दिखाई है। इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर और प्लास्टर टेक्नीशियन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं, एक अन्य कर्मचारी को चेतावनी पत्र भी दिया गया है।

नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार और इलाज में लापरवाही की शिकायतों को लेकर अस्पताल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों से ठीक तरीके से बात नहीं करने और उनकी परेशानी सुनने में लापरवाही बरतने की शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने एक इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संबंधित अधिकारी को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, ओपीडी के बाहर वाहन खड़ा करने से रोकने पर सुरक्षाकर्मी के साथ अभद्रता करने वाले प्लास्टर टेक्नीशियन से भी जवाब मांगा गया है। इसके अलावा एक अन्य कर्मचारी को चेतावनी पत्र जारी किया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने स्पष्ट किया है कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार करना अस्पताल के प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इमरजेंसी में मरीजों से दुर्व्यवहार की शिकायत

सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि अस्पताल में मरीज बेहतर इलाज और मदद की उम्मीद लेकर आते हैं। खासकर इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा के साथ संवेदनशील व्यवहार की जरूरत होती है। इसके बावजूद इमरजेंसी में तैनात कुछ कर्मचारियों द्वारा मरीजों से ठीक तरीके से बातचीत नहीं करने की शिकायतें सामने आई हैं। मरीजों की परेशानी सुनने और उनकी मेडिकल हिस्ट्री जानने में भी लापरवाही बरतने की बात सामने आई है। अस्पताल प्रशासन ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारी को तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा।


गार्ड से अभद्रता करने पर मांगा जवाब

जिला अस्पताल में दूसरा मामला ओपीडी के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर सामने आया है। अस्पताल में तैनात एक प्लास्टर टेक्नीशियन ने ओपीडी के बाहर अपना वाहन खड़ा कर दिया था। इसके चलते अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने जब संबंधित कर्मचारी से वाहन हटाने के लिए कहा तो आरोप है कि वह गार्ड के साथ अभद्रता करने लगा। मामले की जानकारी मिलने पर सीएमएस ने संबंधित प्लास्टर टेक्नीशियन को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।


नियमों की अनदेखी करने पर होगी कार्रवाई

अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी के बाहर वाहन खड़ा करने वाले एक अन्य कर्मचारी को भी चेतावनी पत्र जारी किया है। सीएमएस ने संबंधित कर्मचारियों को भविष्य में इस तरह की गलती नहीं दोहराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा और उनके साथ अच्छा व्यवहार करना प्राथमिकता है। कर्मचारियों को अस्पताल में निर्धारित नियमों का पालन करना होगा, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी तरह की परेशानी न हो। मरीजों के साथ दुर्व्यवहार करने, उपचार में लापरवाही बरतने और अस्पताल के नियमों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *