नोएडा में यमुना पुश्ता पर सड़क निर्माण में खर्च होंगे 280 करोड़ रुपये, आठ गांवों और सात सेक्टरों को मिलेगा फायदा
- Shiv Kumar
- 26 Nov, 2026
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव कम करने और आसपास के सेक्टरों व गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने नई सड़क बनाने की योजना तैयार की है। यमुना पुस्ते पर सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक करीब 10 किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क बनाई जाएगी। प्राधिकरण ने करीब 280 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्रस्तावित बजट का परीक्षण आईआईटी से कराया जाएगा। इसके बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में यमुना पुस्ते पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक पक्की सड़क बनी हुई है, लेकिन इसके आगे सड़क नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कई सेक्टरों और गांवों के निवासियों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। नई सड़क बनने के बाद लोगों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सेक्टर-135 से आगे होगा सड़क का विस्तार
अभी यमुना पुस्ते पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक सड़क बनी हुई है। इसके आगे सेक्टर-150 तक पक्की सड़क नहीं है। इस हिस्से में खड़ंजा भी क्षतिग्रस्त है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने पुस्ता रोड के विस्तार का फैसला लिया है। सेक्टर-150 में नई सड़क को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर बनी 45 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त मार्ग मिल सकेगा। स्थानीय लोगों को भी एक सेक्टर से दूसरे सेक्टर तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
सात सेक्टरों और कई गांवों को मिलेगा फायदा
यमुना पुस्ता रोड के विस्तार से सेक्टर-125, 126, 127, 129, 132, 134 और 135 में रहने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बख्तावरपुर, सुल्तानपुर, शाहपुर गोवर्धन, असगरपुर और नगली वाजिदपुर समेत आसपास के गांवों के लोगों को भी फायदा होगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों के लोगों को कई जगहों पर जाने के लिए एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना पड़ता है। पुस्ते पर नई सड़क बनने से स्थानीय स्तर पर कनेक्टिविटी बेहतर होगी। रोजाना नौकरी और कारोबार के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने में भी यह सड़क मददगार साबित हो सकती है।
सिंचाई विभाग कराएगा सड़क का निर्माण
नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित सड़क की अनुमानित लागत का परीक्षण आईआईटी से कराया जाएगा। इसके बाद निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग को सौंपी जाएगी। सड़क निर्माण के लिए एजेंसी का चयन भी सिंचाई विभाग ही करेगा, जबकि निर्माण पर आने वाला खर्च नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा। दूसरी ओर, सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक पहले से बनी पुस्ता रोड की मरम्मत का काम शुरू कराया जा चुका है। इसके लिए प्राधिकरण ने करीब 34 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है। मौजूदा सड़क की मरम्मत और नए हिस्से का निर्माण पूरा होने के बाद यमुना पुस्ते के किनारे बसे क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






