यमुना प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में 12 प्रस्तावों को मंजूरी, आवंटियों को भवन निर्माण के लिए एक साल की अतिरिक्त मोहलत
- Shiv Kumar
- 27 Nov, 2026
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक में आवंटियों, किसानों और निवेशकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। गुरुवार को हुई बैठक में आवासीय भूखंडों पर भवन निर्माण के लिए एक साल की अतिरिक्त मोहलत देने समेत 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। पात्र आवंटियों को अब 31 दिसंबर 2027 तक भवन निर्माण के लिए निशुल्क समय विस्तार मिलेगा। इसके अलावा औद्योगिक सेक्टर-4 और 8ई में किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने का निर्णय लिया गया है। बैठक में नई औद्योगिक योजनाओं, कचरा प्रबंधन, रूफटॉप सोलर प्लांट, मास्टर प्लान-2041 और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की मरम्मत से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। बोर्ड बैठक की अध्यक्षता अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त और यीडा के अध्यक्ष आलोक कुमार ने की। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बोर्ड के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बैठक में किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने, अतिरिक्त मुआवजे के भुगतान और जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पर हुए खर्च की जानकारी भी दी गई।
आवंटियों को दिसंबर 2027 तक निर्माण की मोहलत
बोर्ड बैठक में आवासीय भूखंडों के आवंटियों को राहत देते हुए भवन निर्माण की निशुल्क समयसीमा एक साल बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्राधिकरण के कुछ आवासीय सेक्टरों में किसानों से जुड़े विवादों और न्यायालयों के आदेशों के कारण सड़क, बिजली समेत अन्य जरूरी विकास कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। इसके चलते आवंटियों को भवन निर्माण में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन परिस्थितियों को देखते हुए बोर्ड ने लीज डीड निष्पादित कराने के बाद भवन निर्माण के लिए मिलने वाली निशुल्क समयसीमा 31 दिसंबर 2026 से बढ़ाकर 31 दिसंबर 2027 कर दी है।
औद्योगिक विकास के लिए किसानों से खरीदेंगे जमीन
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड ने उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को अंगीकृत कर लिया है। सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद प्राधिकरण बिजनेस पार्क विकसित करने के लिए सेक्टरों का चयन, भूखंडों का नियोजन और ब्रोशर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसके अलावा इन्वेस्ट यूपी से प्राप्त लैंड फैसिलिटेशन लेटर और निवेश सारथी पोर्टल पर मिले निवेश प्रस्तावों के आधार पर औद्योगिक भूखंडों के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदेगा।
जेवर एयरपोर्ट के भूमि अधिग्रहण पर 565 करोड़ खर्च
बोर्ड बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। चालू वित्तीय वर्ष में भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित आठ हजार करोड़ रुपये के बजट में से 4985.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसमें जेवर एयरपोर्ट परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पर 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल है। इसके अलावा निर्माण एवं विकास कार्यों पर 383 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। विशेष परियोजनाओं के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को 555.38 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
चार गुना बढ़ीं प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां
यमुना प्राधिकरण की वित्तीय प्राप्तियों में पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 30 अक्टूबर तक प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां 1746.38 करोड़ रुपये थीं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसी अवधि के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 7071.48 करोड़ रुपये पहुंच गया है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि के मुकाबले प्राधिकरण की कुल प्राप्तियां करीब चार गुना हो गई हैं।
14281 किसानों को आबादी भूखंड देने की तैयारी
प्राधिकरण ने किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड देने और अतिरिक्त मुआवजे के भुगतान की प्रगति से भी बोर्ड को अवगत कराया। अब तक 14,281 किसानों को आबादी भूखंड देने के लिए प्रकाशन किया जा चुका है। इनमें से 11,229 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए गए हैं, जबकि 5,147 भूखंडों को विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किया गया है। इसके अतिरिक्त किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर के तहत अब तक करीब 3183.13 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना को मंजूरी
बोर्ड के समक्ष यमुना प्राधिकरण के सर्विस मास्टर प्लान-2041 का प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था से संबंधित योजनाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के प्रारूप और भू-उपयोग मानचित्र को भी मंजूरी दी गई है। इसे अंतिम अनुमोदन के लिए उत्तर प्रदेश शासन के पास भेजा जाएगा। बोर्ड ने 12 अक्टूबर 2026 के शासनादेश के तहत जारी मॉडल भवन विनियम-2026 को भी अंगीकृत कर लिया है।
6.65 करोड़ रुपये से होगी सड़क की मरम्मत
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे जिकरपुर गांव से टप्पल कट तक बनी हॉलेज रोड की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है। यह मार्ग जिकरपुर गांव को सीधे अलीगढ़-पलवल राजमार्ग से जोड़ता है। सड़क की मरम्मत पर 665.64 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क की स्थिति बेहतर होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कचरा प्रबंधन और सौर ऊर्जा पर जोर
बोर्ड ने प्राधिकरण क्षेत्र में कचरा प्रबंधन और विमान सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यीडा वेस्ट मैनेजमेंट बायलॉज-2026 की मसौदा अधिसूचना को मंजूरी दी है। इसमें राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा प्राधिकरण क्षेत्र के संस्थानों की छतों पर यूपीनेडा से अनुमोदित संस्था के माध्यम से रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली है।
कॉर्पस फंड के लिए तैयार हुई नियमावली
प्राधिकरण ने कॉर्पस फंड की धनराशि खर्च करने के लिए नियमावली तैयार की है। इसमें एकमुश्त लीज रेंट, हस्तांतरण शुल्क, पुनर्स्थापन शुल्क, समय विस्तार शुल्क, भवन मानचित्र प्रसंस्करण शुल्क, विलंब भुगतान जुर्माना, भवन निर्माण पूर्णता शुल्क और पानी एवं सीवर कनेक्शन समेत विभिन्न मदों को शामिल किया गया है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






