नोएडा के सेक्टर 15ए स्थित क्लब में देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाने का आरोप, एफआईआर दर्ज कराने की मांग
- Shiv Kumar
- 27 Nov, 2026
उत्तर प्रदेश के नोएडा के पॉश इलाके सेक्टर 15ए स्थित एक क्लब में आयोजित कला कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवी-देवताओं से जुड़े धार्मिक संदर्भों को कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरों के साथ प्रस्तुत करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक व्यक्ति ने फेस-1 थाना पुलिस को शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कार्यक्रम के अतिथि वक्ता किशोर सिंह, आयोजक संस्था द स्टडी सर्किल और क्लब प्रबंधन की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है। आरोप है कि कला कार्यक्रम के दौरान मां कामाख्या, मां दुर्गा और मां लक्ष्मी से जुड़े धार्मिक संदर्भों को नग्न महिलाओं की तस्वीरों के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया गया। शिकायतकर्ता ने इस प्रस्तुति पर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग, ऑडियो और तस्वीरों की जांच कराने की मांग की है। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद डॉ. अनुपमा ने भी इस संबंध में अपनी बात रखी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
20 नवंबर को आयोजित हुआ था कार्यक्रम
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 20 नवंबर 2026 को सेक्टर 15ए स्थित क्लब के सिल्वर ओक हॉल में द स्टडी सर्किल की ओर से कला को समझने और उसके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसका शीर्षक 'And You Thought Modern Was Now! - How to look at and understand art: Pointers to make you an expert' था। कार्यक्रम में किशोर सिंह को अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कला से संबंधित विभिन्न चित्रों की प्रस्तुति के दौरान हिंदू देवी-देवताओं से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं का आपत्तिजनक तरीके से उल्लेख किया गया।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान मां कामाख्या से जुड़े धार्मिक संदर्भ की तुलना एक नग्न महिला के चित्र से की गई। इसके अलावा पद्मिनी माता और मां लक्ष्मी के स्वरूप से संबंधित चित्रों को भी कथित तौर पर आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया। शिकायत में कोलकाता की एक कथित यौनकर्मी की नग्न तस्वीर दिखाकर उसकी तुलना मां दुर्गा से किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कला और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर धार्मिक आस्था से जुड़े देवी-देवताओं को इस तरह प्रस्तुत करना स्वीकार्य नहीं है। इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग की जांच कराने की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्यक्रम की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग, ऑडियो, तस्वीरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा अतिथि वक्ता की ओर से कार्यक्रम में की गई टिप्पणियों की भी जांच कराने को कहा गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस इस बात की भी जांच करे कि आयोजक संस्था और क्लब प्रबंधन को कार्यक्रम में दिखाई जाने वाली तस्वीरों और प्रस्तुति की सामग्री के बारे में पहले से जानकारी थी या नहीं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई है।
क्लब प्रबंधन ने आरोपों से किया इनकार
आरडब्ल्यूए और क्लब के अध्यक्ष देवदत्त ने कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं के अपमान किए जाने के आरोप से इनकार किया है। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत की जानकारी नहीं होने की बात कही है। वहीं, फेस-1 थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






