ग्रेटर नोएडा में फर्जी दस्तावेजों के जरिए फ्लैट बेचकर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर 11 लोग नामजद
- Shiv Kumar
- 29 Nov, 2026
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 और पाई-2 स्थित व्हाइट हाउस अपार्टमेंट में फ्लैटों की खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक ही फ्लैट को कई बार अलग-अलग लोगों को बेचा गया। इतना ही नहीं, कुछ फ्लैटों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंकों से लोन भी लिया गया। जिला न्यायालय के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन (वीईएफ) और केयरलैंड फैसिलिटी मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राघव भारद्वाज का आरोप है कि दोनों संस्थाओं से जुड़े लोगों ने आपसी मिलीभगत से फर्जी आवंटन पत्र और संपत्ति से संबंधित अन्य दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद फ्लैटों की बिक्री के नाम पर खरीदारों से रकम वसूली गई। आरोप है कि संबंधित लोगों के पास फ्लैटों की बिक्री का अधिकार भी नहीं था। इसके बावजूद संपत्तियों को बेचकर खरीदारों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
फर्जी आवंटन पत्र तैयार करने का आरोप
शिकायतकर्ता राघव भारद्वाज के मुताबिक, वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन का कार्यालय नॉलेज पार्क स्थित प्लॉट नंबर-4 में है। संस्था ने व्हाइट हाउस अपार्टमेंट को अपना प्रोजेक्ट बताया था। आरोप है कि संस्था के अध्यक्ष, अधिकृत अधिकारियों और प्रोजेक्ट मैनेजर समेत अन्य लोगों ने फ्लैटों से संबंधित कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इस काम में केयरलैंड फैसिलिटी मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की भी भूमिका होने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि फैसिलिटी कंपनी को केवल प्रोजेक्ट के रखरखाव की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बावजूद कंपनी ने फ्लैटों की बिक्री के नाम पर खरीदारों से रकम वसूली।
बैंकों से भी लोन लेने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोगों ने एक ही फ्लैट को अलग-अलग खरीदारों को बेचने के साथ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंकों से भी लोन लिया। फ्लैटों की बिक्री का अधिकार नहीं होने के बावजूद खरीदारों को आवंटन पत्र और भुगतान की रसीदें जारी की गईं। इससे फ्लैट खरीदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शिकायतकर्ता ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ पहले भी चार मुकदमे दर्ज होने की बात कही है। अब न्यायालय के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन, संस्था के अध्यक्ष नवीन गुप्ता, अधिकृत अधिकारी अभिजीत कुमार और कुंदनलाल गोला तथा प्रोजेक्ट मैनेजर पी. विशाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा फैसिलिटी मैनेजमेंट कंपनी से जुड़े इंद्रकांत झा, विश्वजीत आनंद, वेणु गोपाल, सेल्स मैनेजर विजय शाह और कर्मचारी अमन भाटी को भी नामजद किया गया है। सूरजपुर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। वहीं, शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों पर संबंधित संस्थाओं और उनके पदाधिकारियों का पक्ष अभी उपलब्ध नहीं है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






