ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण फैलाने वाले 100 लोगों पर 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना, 11 हॉटस्पॉट पर दो महीने चलेगा विशेष अभियान
- Shiv Kumar
- 29 Nov, 2026
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। शहर में चिह्नित 11 प्रदूषण हॉटस्पॉट पर अगले दो महीने तक विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए प्राधिकरण ने 21 टीमों का गठन कर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदूषण नियंत्रण और ग्रेप के नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 लोगों पर अब तक 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सबसे अधिक कार्रवाई रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों के खिलाफ की गई है। प्राधिकरण ने आरएमसी प्लांटों से जुड़े 48 मामलों में 4.65 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की रकम जमा नहीं करने वालों के खिलाफ वसूली प्रमाणपत्र (आरसी) जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव और मशीनों से सफाई कराई जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
11 हॉटस्पॉट पर चलेगा विशेष अभियान
प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने 27 नवंबर को अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रेटर नोएडा में 11 हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं। इनमें गौर चौक अंडरपास, मकौड़ा गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर, एसीई गोलचक्कर से 130 मीटर रोड और सीआरपीएफ कैंप से नोएडा फेज-2 जाने वाली सड़क समेत अन्य स्थान शामिल हैं। इन क्षेत्रों में टूटी सड़कों, निर्माण कार्यों और उड़ती धूल को प्रदूषण का प्रमुख कारण माना गया है। प्राधिकरण ने सभी हॉटस्पॉट के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
107 वाटर टैंकरों से पानी का छिड़काव
शहर की सड़कों पर उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण ने 107 वाटर टैंकर और 32 ट्रक व एंटी स्मॉग गन लगाई हैं। इसके अलावा सड़कों की नियमित सफाई के लिए 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीईओ ने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों को सफाई से पहले और बाद की तस्वीरों का रिकॉर्ड भी रखना होगा। इससे प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा सकेगी।
आरएमसी प्लांटों पर सबसे ज्यादा जुर्माना
प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का उल्लंघन करने वाले आरएमसी प्लांटों पर प्राधिकरण ने सबसे अधिक जुर्माना लगाया है। आरएमसी प्लांटों से जुड़े 48 मामलों में 4.65 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख रुपये, कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख रुपये और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को जुर्माने की रकम वसूलने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित जुर्माना जमा नहीं करने वालों के खिलाफ आरसी जारी कर वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण स्थलों पर बढ़ाई जाएगी सख्ती
ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन परियोजनाओं से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए 247 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। सभी निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग और वाहनों के पहियों की सफाई की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शहर में कूड़ा जमा होने वाले 56 स्थानों की सफाई और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साप्ताहिक बाजारों और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में भी नियमित सफाई और कूड़े के उचित निस्तारण पर जोर दिया गया है। सीईओ ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






