ग्रेटर नोएडा के बिसरख डूब क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, 12 हजार वर्ग मीटर जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त
- Shiv Kumar
- 29 Nov, 2026
उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा के बिसरख डूब क्षेत्र में अवैध कब्जे और प्लॉटिंग के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया है। यहां कॉलोनाइजर जमीन की चारदीवारी बनाकर अवैध कॉलोनी विकसित करने की तैयारी कर रहे थे। प्राधिकरण ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के साथ संबंधित लोगों को दोबारा निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी है। इसके अलावा प्राधिकरण ने आम लोगों से भी जमीन की खरीद-फरोख्त में सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्लॉट या जमीन को खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी पूरी जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी परेशानी या आर्थिक नुकसान का सामना न करना पड़े।
दो खसरा नंबरों की जमीन पर कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को वर्क सर्किल-3 की टीम ने बिसरख के डूब क्षेत्र में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और प्रबंधक प्रशांत समाधिया की मौजूदगी में टीम ने खसरा संख्या 341 और 357 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। कॉलोनाइजरों ने यहां चारदीवारी बनाकर अवैध प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण हटाकर करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने कहा कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में किसी को भी अवैध निर्माण करने की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण का अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिसरख में अवैध प्लॉटिंग करने वाले कॉलोनाइजरों को दोबारा निर्माण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जमीन खरीदने से पहले जरूर करें जांच
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में किसी भी स्थान पर जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित भूमि की वैधता के बारे में जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। जमीन का सौदा करने से पहले उसके दस्तावेजों, भू-उपयोग और कॉलोनी की मंजूरी की जांच करानी चाहिए। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से खरीदारों को भविष्य में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्राधिकरण ने लोगों को ऐसी कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई नहीं लगाने की सलाह दी है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






