ग्रेटर नोएडा में प्लॉट खरीदने का मिलेगा मौका, 430 एकड़ जमीन पर पतंजलि समूह निकालने जा रहा योजना

top-news
यमुना प्राधिकरण ने पतंजलि समूह को सेक्टर 24 ए में फूड एवं हर्बल पार्क के लिए 2017 में 430 एकड़ जमीन आवंटित किया था।

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में प्लॉट खरीदने का मौका मिलने वाला है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पतंजलि समूह औद्योगिक प्लॉट की योजना निकालेगा। पतंजलि समूह को 2017 में आवंटित की गई 430 एकड़ जमीन पर यह योजना निकाली जाएगी। योजना से लेकर इनके आवंटन की प्रक्रिया पतंजलि समूह पूरी कर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) को जानकारी देगा।
सेक्टर 24 ए में जमीन आवंटित की गई थी
बता दें कि यमुना प्राधिकरण ने पतंजलि समूह को सेक्टर 24 ए में फूड एवं हर्बल पार्क के लिए 2017 में 430 एकड़ जमीन आवंटित किया था। शर्तों के तहत 20 प्रतिशत जमीन सब लीज करने का अधिकार पतंजलि समूह को दिया था। इसके साथ ही शर्त थी कि इन प्लॉटों पर केवल खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि उत्पाद से जुड़ी इकाइयों की ही स्थापना होगी। लेकिन यमुना प्राधिकरण की 83वीं बोर्ड बैठक में पतंजलि समूह को प्लॉट योजना निकालकर प्लॉटों का आवंटन करने का अधिकार देने का निर्णय लिया था। इसके तहत पतंजलि समूह तय शर्तों के अनुसार प्राधिकरण की प्रचलित दरों पर प्लॉटों की बिक्री करेगा। 
आवंटन दर और विक्रय दर में अंतर के तौर पर मिली राशि का भुगतान यमुना प्राधिकरण को करना होगा। यमुना प्राधिकरण इसके एवज में आवंटित भूमि पर विकास कार्य करा रहा है।
औद्योगिक प्लॉट की योजना को दी अनुमति
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि पतंजलि समूह को तय शर्तों के साथ औद्योगिक प्लॉट की योजना एवं विक्रय की अनुमति दी गई है। सब लीज के अलावा बची जमीन पर पतंजलि समूह फूड एवं हर्बल पार्क का निर्माण कर रहा है। जल्द ही इसमें उत्पादन शुरू होगा और लोगों को रोजगार मिलेंगे।
दुकानों, कियोस्क व ढाबे के खरीदारों का इंतजार
वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से विभिन्न सेक्टरों में दुकानों, कियोस्क और ढाबों का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक खरीदार नहीं मिले हैं। पिछले वर्ष इस योजना को लांच किया गया था, लेकिन लोगों द्वारा रुचि न दिखाने एक बार फिर आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। अब 17 मार्च तक आवेदन करने का मौका दिया गया है। योजना में कुल 63 संपत्तियां शामिल हैं, जिनका आवंटन ई- नीलामी के जरिये होगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *