Sonbhadra: सरकारी नौकरी वाली महिलाओं को झांसे में फंसा कर दूल्हे ने रचाई 9 शादी, ऐसे खुला पोल! यहां पढ़ें

- Rishabh Chhabra
- 22 Mar, 2025
सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने सरकारी नौकरी करने वाली महिलाओं को अपना शिकार बनाया और शादी के बाद उनके नाम पर बैंक लोन लेकर फरार हो गया। आरोपी अब तक 9 शिक्षिकाओं से शादी कर करोड़ों रुपये ऐंठ चुका है।
शादी के नाम पर ठगी, 9 महिलाओं को बनाया शिकार
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजन गहलोत सोनभद्र जिले के सहीजन खुर्द का निवासी है। वह खुद को सरकारी अधिकारी बताकर सरकारी शिक्षिकाओं से शादी करता और फिर उनके नाम से भारी भरकम लोन लेकर उन्हें छोड़कर फरार हो जाता था। जब एक महिला अपने पति की तलाश में सोनभद्र पहुंची, तो उसकी करतूत का खुलासा हुआ। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
2014 में हुई थी पहली शादी, 2022 तक चला खेल
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि 2014 में उसकी शादी राजन गहलोत से हुई थी। शादी के दो साल बाद ही उसने घर आना बंद कर दिया। बाद में पता चला कि राजन ने कई और महिलाओं से भी शादी कर ठगी की है। 2020 में महिला को इस धोखाधड़ी की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने जांच शुरू की।
2022 में एक अन्य महिला शिक्षिका किरण बाला भी राजन की ठगी का शिकार बनी। वह संत कबीर नगर की निवासी और एक जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत है। उसने बताया कि 2019 में फोन के जरिए उसकी राजन से बातचीत शुरू हुई थी। राजन ने खुद को आबकारी विभाग में सरकारी कर्मचारी बताया और फिर दोनों ने 2022 में बनारस के एक मंदिर में शादी कर ली।
लोन के नाम पर लाखों की ठगी
किरण बाला के मुताबिक, शादी के दो साल के भीतर ही राजन ने मकान और गाड़ी खरीदने के नाम पर 42 लाख रुपये का लोन महिला के नाम से लिया और फरार हो गया। महिला का कहना है कि उसका 10 वर्षीय बेटा भी है, जिसे राजन ने पिता का नाम दिया था।
शादी वेबसाइट से संपर्क में आया था आरोपी
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह shaadi.com वेबसाइट के जरिए राजन के संपर्क में आई थी। पहले उसने शादी से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में राजन की मां और खुद राजन उसके घर रिश्ता लेकर पहुंचे, जिससे परिवार वालों का विश्वास जीत लिया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने राजन गहलोत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस को शक है कि उसने और भी कई महिलाओं को अपने जाल में फंसाया हो सकता है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *