नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुरू में लगेंगे छह एयरोब्रिज, जानिए विमानों के उड़ान की तैयारी कहां तक पहुंची

top-news
15 मई तक व्यावसायिक विमान सेवा शुरू करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने की संभावना है।

Greater Noida: जेवर में बन रहे भारत के सबसे बड़े नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रियों को विमान तक पहुंचाने के लिए शुरुआत में छह एयरोब्रिज लगाए जाएंगे। पूर्व में दस एयरोब्रिज लगने थे। 15 मई तक व्यावसायिक विमान सेवा शुरू करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय से एयरोड्रम लाइसेंस मिलने की संभावना है।

पहले दिन से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू हो पाना मुश्किल 
बता दें कि एयरोब्रिज एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग से सीधे विमान के दरवाजे तक यात्रियों को ले जाने वाला ढंका हुआ पुल होता है। इससे यात्री आसानी से विमान तक पहुंचते हैं। विमान से उतरते समय टर्मिनल में आने के लिए भी एयरोब्रिज का प्रयोग किया जाता है। फिलहाल टर्मिनल के एंट्रेस का कार्य चल रहा है। वहीं, इंटरनेशनल टर्मिनल के कार्य में कुछ महीने लग जाएंगे। मॉल्डिंग आदि के कार्य में भी देरी होगी। ऐसे में एयरपोर्ट पर पहले दिन से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू हो पाना मुश्किल लग रहा है। इसलिए अब पहले दिन से सिर्फ घरेलू और कार्गो फ्लाइट शुरू होने की प्लानिंग बनाई जा रही है। ऐसे में शुरुआत में एयरपोर्ट पर सिर्फ छह एयरोब्रिज लगाए जाएंगे, जो पहुंच चुके हैं।

एयरपोर्ट पर थाने के लिए फ्री में जमीन देने से इंकार
बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पुलिस थाना बनाया जाना है, जिसके लिए लगभग एक हजार वर्गमीटर जमीन प्रस्तावित है। अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय से जमीन को निशुल्क देने के लिए पत्राचार किया गया था, लेकिन यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने मुफ्त में जमीन देने से मना कर दिया है। इस एक हजार वर्गमीटर में ही थाने के साथ डीसीपी एयरपोर्ट का मुख्यालय बनना है, जिसके एवज में कंपनी ने एक करोड़ रुपए की मांग की है। अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने प्रमुख सचिव (गृह) से मामले में निर्देश जारी करने की मांग की है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *