भाजपा विधायक ने पुलिस पर लगाया राजनीति करने का आरोप, नोटिस के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष को लिखा पत्र

top-news
गाजियाबाद बार एसोसिएशन ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर का समर्थन किया

Ghaziabad: गाजियाबाद  के लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने एकबार फिर यूपी पुलिस के अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को इस बारे में एक लेटर भी लिखा है।पत्र में आरोप लगाते हुए कहा- यूपी पुलिस मेरे खिलाफ बोलने के लिए लोगों को धमका रही है। एसीपी व्हाट्सएप ग्रुपों पर मेरे खिलाफ पोस्ट कर रहे हैं। 

बता दें कि हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने लोनी विधायक को नोटिस जारी किया था। नोटिस के जवाब में भेजे पत्र में लोनी विधायक ने लिखा कि पुलिस अधिकारी साजिश के तहत जातीय उन्माद फैलाकर क्षेत्र का माहौल खराब कर रहे हैं। जेल भेजने की धमकी देकर मेरे खिलाफ बयानबाजी के लिए लोगों पर दबाव बना रहे हैं। पत्र में लिखा है कि अधिकारी अपना काम नहीं कर के राजनीति कर रहे हैं। गुर्जर ने कहा है कि गाजियाबाद के एक बड़े अधिकारी के निर्देश पर ही स्थानीय अधिकारियों ने कलश यात्रा को रोका और कलश को खंडित किया, रामचरितमानस को खंडित कर उसे फाड़ने का प्रयास किया गया। संगठनों से संपर्क साधकर पत्र और बयान जारी कर टिप्पणी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। एसीपी अंकुर विहार मेरे खिलाफ व्हाट्सऐप ग्रुप पर मैसेज प्रसारित कर रहे हैं।

वहीं,  सिरौली गांव निवासी सत्यवीर गुर्जर ने पुलिस कमिश्नर को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह कारगिल योद्धा है। पिछले दिनों उन्होंने विधायक नंद किशोर द्वारा किए गए कार्य का सोशल मीडिया पर विरोध प्रकट किया था। आरोप है कि विधायक ने उनके पुत्र के मोबाइल पर कॉल कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

गाजियाबाद बार एसोसिएशन ने लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर का समर्थन किया है। बार एसोसिएशन ने विधायक के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा नंद किशोर गुर्जर बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। कलश यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने बार सदस्य विधायक नंद किशोर गुर्जर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बार एसोसिएशन घोर निंदा करती है। 

बता दें कि गुर्जर को जारी नोटिस में कहा गयाथा कि आपके वक्तव्यों व कृत्यों से पार्टी की प्रतिष्ठा को आघात पहुंच रहा है, जो कि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। बता दे कि नंद किशोर गुर्जर लगातार राज्य सरकार की नीतियों को लेकर निशाना साधते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने गाजियाबाद में कलश यात्रा निकाली थी, जिसमें पुलिस के साथ विधायक और उनके समर्थकों की झड़प भी हुई थी। जिसके बाद उन्होंने मुख्य सचिव और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर को सार्वजनिक मंच से चुनौती भी दी थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *