हैवान टीचर; 13 वर्षीय छात्रा को 8 दिन तक बंधक बनाकर ट्यूशन टीचर ने किया था रेप, कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा

top-news
17 मार्च, 2021 की शाम छात्रा ट्यूशन पढ़ने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी

Noida: गौतमबुद्ध नगर जिला न्यायालय ने नाबालिग छात्रा के साथ 8 दिन तक दुष्कर्म करने वाले ट्यूशन टीचर को 20 साल की कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ दोषी शिक्षक पर एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। छात्रा दोषी के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी। इसी बीच नशीला पदार्थ पिलाकर शिक्षक छात्रा को गाजियाबाद ले गया और आठ दिन तक बंधक बनाकर रेप किया था। पुलिस ने शिक्षक के पास से छात्रा को बरामद किया था।

4 साल बाद पीड़िता को मिला न्याय

मूलरूप से बस्ती निवासी कुंदन नोएडा सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र के नया बास गांव में किराये पर रहता था। 13 साल की पीड़िता कुंदन के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी। 17 मार्च, 2021 की शाम छात्रा ट्यूशन पढ़ने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। इस पर शिक्षक के कमरे पर पहुंची तो वहां छात्रा का बैग व बोतल मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा और शिक्षक की तलाश में जुट गई। इसी बीच पुलिस ने गाजियाबाद से शिक्षक कुंदन को गिरफ्तार कर नाबालिग छात्रा को बरामद कर लिया था। 


नशीला पदार्थ पिलाकर गाजियाबाद ले गया था 

पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी। जिसके बाद इस मामले में अपर सत्र विशेष न्यायाधीश पॉक्सो द्वितीय की कोर्ट ने सुनवाई की।  पीड़िता ने बताया कि शिक्षक ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया था। इसके बाद नोएडा से गाजियाबाद ले गया और वहां एक किराये के कमरे में रखा। आठ दिन तक बंधक बनाकर रखा और रोजाना रेप किया। कोर्ट ने पीड़िता और उसकी मां के बयान को महत्वपूर्ण माना। सुनवाई के दौरान कुल 12 गवाह पेश हुए। दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने शिक्षक कुंदन को दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *