UP के शहरों में अच्छी होगी कनेक्टिविटी, इस हाईवे से जुड़ेंगे महानगर, कानपुर, इटावा से लेकर नोएडा शामिल
उत्तर प्रदेश में हाल के कुछ सालों में बडे़ नगरों को हाईवे और एक्सप्रेसवे की सहायता से आपस में जोड़ने का काम जोरों पर चल रहा है.
- Rishabh Chhabra
- 11 Apr, 2025
उत्तर प्रदेश में हाल के कुछ सालों में बडे़ नगरों को हाईवे और एक्सप्रेसवे की सहायता से आपस में जोड़ने का काम जोरों पर चल रहा है. जिसका केवल एक ही मकसद है कि शहरों के बीच कनेक्टिविटी अच्छी हो सके. इसी कड़ी में अब नोएड़ा और कानपुर को ‘गाजियाबाद कानपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे’ से जोड़े जाने का प्लान है. इस एक्सप्रेसवे की लंबाई 380 KM होनी बताई जा रही है. इससे पहले नोएडा से कानपुर जाने में तकरीबन 8 से 9 घंटे का समय लगता था. इस एक्सप्रेस वे के बन जाने से यात्रा के दौरान लगने वाले समय में लगभग 3 घंटे की बचत हो जाएगी.
रोजगार और विकास के नए द्वार खुलेंगे
यूपी के हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव समेत कई अन्य जिलों से होते हुए ये एक्सप्रेसवे कानपुर पहुंचेगा. जिससे इन सभी जिलों के लोगों के लिए रोजगार के साथ ही साथ विकास के नये रास्ते खुलेंगे. वहीं उनकी शहरों से कनेक्टीविटी भी बेहतर हो जाएगी. इस एक्सप्रेसवे को शुरुआती चरण में चार लेन का बनाया जाएगा लेकिन भविष्य में इसे छह लेन तक विस्तारित करने की योजना बनाई गई है. यानी कि भविष्य को ध्यान में रखकर इसके लिए जमीन का अधिग्रहण किया गया है, ताकि आने वाले समय में सड़क पर लोड बढ़ने से कोई परेशानी ना होने पाए.
एक्सप्रेस वे बनने से ट्रैफिक से भी मिलेगा छुटकारा
इस एक्सप्रेस वे के निर्माण के लिए तैयार की गई परियोजना के तहत गाजियाबाद से कानपुर तक कई अंडरपास, फ्लाईओवर और सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाना है. यानी कि 380 किलोमीटर के रास्ते में आने वाले गांवों और कस्बों के लोगों को अपने रोजमर्रा के जीवन के लिए आसपास आने जाने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होगी. साथ ही इसके बनने से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कानपुर पहुंचने के लिए एक वैकल्पिक और बेहतर रास्ता मिल जाएगा. इससे समय की बचत के साथ ही ट्रैफिक से भी छुटकारा मिल जाएगा.
इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से ना सिर्फ यात्रा के समय में कमी आएगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा. व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी. औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश के नए अवसर बनेंगे.
एक्सप्रेस वे से जेवर एयरपोर्ट भी जुड़ेगा
गाजियाबाद-कानपुर एक्सप्रेसवे को इस परियोजना के तहत नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा. इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए भी कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी. इस एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर ली जाएगी. इस परियोजना के 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. यूपी में गाजियाबाद-कानपुर एक्सप्रेसवे यात्रा और व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है. इससे लोगों के साथ-साथ राज्य को भी आर्थिक तौर पर मजबूती मिलेगी.
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






