बाबा साहब ने स्वयं अपमान सहा लेकिन भारत को कभी अपमानित नहीं होने दिया: CM योगी
- Shiv Kumar
- 14 Apr, 2025
Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत माता के महान सपूत बोधिसत्व भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ने कहा था कि वह आदि से अन्त तक भारतीय हैं। उन्होंने स्वयं अपमान सहा, लेकिन भारत को कभी अपमानित नहीं होने दिया। इसी महानता के कारण स्वतंत्र भारत उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है। भारतरत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ये बातें सीएम योगी ने कही।
श्रद्धांजलि देते हुए पत्रिका का विमोचन किया
कार्यक्रम के पहले सीएम ने महासभा परिसर में स्थापित तथागत बुद्ध एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही डॉ. आंबेडकर के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा द्वारा प्रकाशित पत्रिका का विमोचन किया। इससे पूर्व, सीएम योगी ने जीपीओ, हजरतगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शिक्षित रहेंगे, तो अपने कर्तव्यां से कभी विचलित नहीं होंगे
सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहब ने कहा था कि शिक्षित बनो। यदि आप शिक्षित रहेंगे, तो अपने कर्तव्यां से कभी विचलित नहीं होंगे। आज बाबा साहब की जयन्ती पूरे देश में भव्यता के साथ मनायी जा रही है। उनका जन्म मध्य प्रदेश के महू में सन् 1891 में हुआ था। समाज के लिए कुछ कर गुजरने के भाव के साथ उन्होंने उच्च शिक्षा हेतु इग्लैण्ड की ओर प्रस्थान किया। उनके पास धन का अभाव था। उनकी विक्षलणता को देखकर महाराजा बड़ोदरा ने उन्हें स्कॉलरशिप प्रदान की। इग्लैण्ड में शिक्षा प्राप्त कर वह भारत वापस आ गये। शोषितों और वंचितों को अधिकार दिलाना उनका संकल्प था। इन कार्यक्रमों को आगे बढ़ाते हुए बाबा साहब देश की आजादी के आन्दोलन में सम्मिलित हुए।
भारत एकता के सूत्र में बांधा
सीएम योगी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर को स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि और न्याय मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। उन्होंने संविधान सभा की ड्राफ्टिंग कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। भारत का संविधान आज भी देश के नागरिकों को उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम तक जोड़ने की सामर्थ्य रखता है। जो लोग भारत की एकता के पक्षधर नहीं थे, वह स्वतंत्रता के पश्चात भारत की एकजुटता पर संशय रखते थे। उनकी आशंका गलत साबित हुई। भारत एकता के सूत्र में बंधकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। यह भारत के संविधान के कारण सम्भव हो पाया है, संविधान शिल्पी के रूप में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का प्रत्येक व्यक्ति स्मरण करता है। बाबा साहब ने विपरीत परिस्थितियों में गरीब घर में जन्म लेकर तथा शिक्षा की उच्चतम डिग्री प्राप्त कर कोटि-कोटि वंचित लोगों के जीवन को प्रकाशित करने का कार्य किया। पूरी दुनिया उनके इन कृत्यों को जानकर उनकी तुलना महामानव से करती है।
पीएम मोदी गरीबों के लिए कर रहे काम
सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्र भारत में बाबा साहब के सपने को साकार करने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रयास प्रारम्भ किये थे। इन प्रयासों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिशा और गति देने का कार्य किया। देश के प्रत्येक क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करते हुए वंचितों के शैक्षिक, आर्थिक, सामाजिक तथा सांस्कृतिक उन्नयन का मार्ग प्रशस्त किया है। भारत दुनिया का पहला ऐसा देश है, जिसमें कोरोना जैसी महामारी में देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन की सुविधा प्रदान की गई। यह लाभ आज भी प्रदान किया जा रहा है।
जीरो पॉवर्टी मिशन पर हमारी सरकार, हर गरीब को मिलेगी सुविधाएं
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से प्रदेश सरकार ने जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य के साथ एक बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया है। इसके अन्तर्गत प्रत्येक गरीब और वंचित को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का काम किया जा रहा है। विगत 08 वर्षों में प्रदेश सरकार ने वनटांगिया, मुसहर, थारू, बुक्सा तथा चेरों आदि जनजातियों को सुविधाओं से शतप्रतिशत सैचुरेट करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया है। उन्हें आवास, शौचालय, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि से जोड़ा गया है। पहले चरण में 14 से 15 लाख गरीब परिवारों को बुनियादी सुविधाएं एकमुश्त उपलब्ध कराने के कार्यक्रम को इसी महीने आगे बढ़ाया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत में 20 से 25 ऐसे परिवार होंगे, जिन्हें आज तक बहुत सारी सुविधाएं नहीं प्राप्त हुई होंगी। उन्हें यह सुविधाएं डबल इंजन सरकार उपलब्ध कराएगी। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं पावन जयन्ती के अवसर पर यह सुविधाएं बाबा साहब को ही समर्पित करना चाहते हैं। यह जनकल्याणकारी योजनाएं बाबा साहब के नाम पर ही जानी जाएंगी, क्योंकि देश को शैक्षिक, सामाजिक तथा आर्थिक रूप से समुन्नत करने का दर्शन उन्होंने ही प्रदान किया था।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों से सम्बन्धित समिति को प्रत्येक महीने मानदेय उपलब्ध हो जाए, ताकि शौचालय में कार्यरत कर्मियां को प्राप्त होने वाला मानदेय उन्हें नियमित रूप से प्रदान करने की व्यवस्था की जा सके। सरकार इस व्यवस्था को तत्काल आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य करेगी।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






