UP RERA ने 12 कर्मचारियों को कर दिया बर्खास्त, इस वजह से उठाया ये सख्त कदम

top-news
उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण ने लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है.

उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण ने लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इसके तहत सख्त कदम उठाते हुए लखनऊ मुख्यालय और एनसीआर क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा में कर्मियों की सत्यनिष्ठा और आचरण को परखते हुए 12 कर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है. इन कर्मियों पर कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण जैसे गंभीर आरोप साबित होने के बार ये सख्त कार्रवाई की गई है. 

रेरा की स्थापना वर्ष 2017 में लखनऊ में और क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना 2018 में ग्रेटर नोएडा में हुई. रेरा का उद्देश्य रियल एस्टेट परियोजनाओं में पारदर्शिता लाना, विकासकर्ताओं की जवाबदेही तय करना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है. इसको लेकर संस्था सभी स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी और संवेदनशीलता की अपेक्षा करती है.

विभिन्न श्रेणियों के 12 कर्मियों किया गया बाहर 

रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राधिकरण में काम की प्रकृति अत्यंत संवेदनशील है और कर्मचारियों की संख्या सीमित होने के बावजूद, उनके कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है. इसी के तहत पिछले कुछ वर्षों में आचरण और निष्ठा में कमी पाए जाने पर विभिन्न श्रेणियों के 12 कर्मियों को बाहर का रास्ता दिखाया दिया गया है. बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में 3 अवर अभियंता, 2 एल.सी.आर.ए., 1 सहायक लेखाकार, 4 कंप्यूटर ऑपरेटर, 1 हेल्प डेस्क कर्मी और 1 अनुसेवक शामिल हैं.

रेरा अनुशासन बनाए रखने को कड़ी निगरानी करेगी

रेरा अपने हर कर्मचारी से सत्यनिष्ठा का शपथ-पत्र लेता है और कार्यालय परिसर के सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं. इसके जरिए वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से कर्मचारियों व आगंतुकों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखते हैं. रेरा 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर चलते हुए अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई करता है. इस कार्रवाई से रेरा ने यह स्पष्ट रूप से संकेत दे दिए हैं कि संस्था अपने उद्देश्यों से किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं करेगी. इसके साथ ही भविष्य में भी इसी तरह अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी जारी रहेगी.

कुछ दिन पहले ही रिश्वत लेते पकड़ा गया था एक कर्मचारी

गौरतलब है कि बीते कुछ दिन पहले ही ग्रेटर नोएडा में रेरा में काम करने वाले एक कर्मचारी को विजिलेंस की टीम और पुलिस की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया था और उसे जेल भेज दिया गया था. आरोपी कर्मचारी एक मामले को सुलझाने के नाम पर रिश्वत ले रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *