हैवानियत; 50 साल का व्यक्ति 14 साल की बच्ची से कई महीने से कर रहा था रेप, गर्भवती हुई तो परिजनों को पता चला

top-news
शिकायत लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने भगाया

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। 50 वर्षीय व्यक्ति 14 साल की दलित बच्ची के साथ कई महीने से रेप कर रहा था। इतना ही नहीं अपने अन्य साथियों को भी इसमें भागीदार बनाया था। यह खुलासा तब हुआ जब जांच के दौरान नाबालिग 7 महीने की गर्भवती निकली। अंबेडकर जयंती के दिन जब परिजनों को पता चला तो अनूपशहर थाना पहुंचे, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने के बजाय समझौता कराया दिया। इसके बाद पीड़िता परिवार के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचकर गुहार लगाई,जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।

खेत में बकरी जाने पर किया रेप, दी धमकी
बृहस्पतिवार दोपहर को अनूपशहर के एक गांव निवासी व्यक्ति अपनी नाबालिग बेटी और अन्य परिजनों संग एसएसपी दफ्तर पहुंचा। उन्होंने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि 7 माह पहले उनकी 14 वर्षीय पुत्री जंगल में बकरियां चराने गई थी। इस दौरान गांव के ही दूसरी बिरादरी के 50 वर्षीय व्यक्ति ने एक खेत से बकरियां निकालने के दौरान उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इसके साथ ही घटना के बारे में किसी को कुछ बताने पर हत्या की धमकी दी थी। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने उनकी बेटी के साथ डरा धमकाकर कई बार रेप किया। जिससे बेटी गर्भवती हो गई। बेटी का शारीरिक बदलाव देखकर परिजनों ने संदेह होने पर पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। बेटी अब करीब सात माह की गर्भवती है।

थाने पर नहीं हुई कार्रवाई तो एसएसपी से लगाई गुहार
पीड़ित पिता ने बताया कि 28 अप्रैल को उन्होंने अनूपशहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच की बात कहते हुए तहरीर अपने पास लेकर रख ली थी।  इसके बाद उसी शाम को आरोपी को थाने बुलाकर रात भर रखा, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ग्राम प्रधान पति और कुछ अन्य लोगों को बुलाकर एक शपथ पत्र बनवाकर उनके हस्ताक्षर करते हुए अपने पास रख लिए और भगा दिया। पीड़ित के प्रार्थना पत्र पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने अनूपशहर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पिता और भाई की हत्या की से चुप रही पीड़िता
गौरतलब है कि परिजनों ने जब पीड़िता से पूछा कि उसने अब तक उन्हें यह जानकारी क्यों नहीं दी थी, तो उसने बताया कि आरोपी और उसके साथी बार-बार उसके भाई और पिता की हत्या करने की धमकी दे रहे थे। इसी कारण वह चुप रही और किसी को कुछ भी बताने में डरती रही।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *