सीमा हैदर का गला दबाया और थप्पड़ मारा, गुजरात से अचानक घर पहुंचा युवक, कहा-मुझ पर किया है काला जादू
प्राथमिक जांच में युवक मानसिक रोगी
- Shiv Kumar
- 04 May, 2025
Greater Noida: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद एक बार फिर पाकिस्तान से आईं सीमा हैदर सुर्खियों में हैं। रबूपुरा में प्रेमी सचिन मीणा से शादी करके रह रहीं सीमा के घर में शनिवार देर शाम एक अंजान शख्स घुस आया और जानलेवा हमले की कोशिश की। युवक ने पहले घर के मुख्य दरवाजे पर जोर-जोर से पैर मारे और फिर अंदर घुसते ही सीमा हैदर का गला दबाने लगा। उसने सीमा हैदर को 4-5 थप्पड़ भी मारे। सीमा हैदर ने शोर मचाया तो लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक ने दावा किया कि सीमा हैदर ने उसपर काला जादू किया है, जिसकी वजह से वो खुद ब खुद गुजरात से खिंचता चला आया।
पुलिस ने हिरासत में लिया
आरोपी की पहचान तेजस झानी पुत्र जयेंद्र भाई निवासी टीबी हॉस्पिटल के पास जिला सुरेंद्रनगर गुजरात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक बस पकड़कर दिल्ली पहुंचा फिर किसी तरह रबूपुरा पहुंचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।
दरवाजा बंद होने पर लात से मारा
पुलिस के मुताबिक, तेजस जब सीमा हैदर के घर पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला। इसके बाद उसने दरवाजे पर लात मारी, जिसके बाद सीमा ने गेट खोला। आरोपी ने सीमा का गला दबाने और थप्पड़ मारने की कोशिश भी की। इस बीच हल्ला और शोर मचाने पर लोग वहां इकट्ठा हो गए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक मानसिक रोगी लग रहा है। आरोपी कह रहा है कि सीमा हैदर ने उस पर काला जादू करवा रखा है। इस घटना को लेकर रबूपुरा थाना पुलिस जांच कर रही है। वहीं सीमा हैदर और सचिन मीणा के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीमा हैदर को पाकिस्तान वापस भेजने की मांग तेज
बता दें कि, पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद सीमा हैदर को पाकिस्तान वापस भेजने की मांग तेज हो गई है। सीमा पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जैकोबाबाद की रहने वाली है। सीमा पबजी वाले प्यार सचिन मीणा की खातिर मई 2023 में कराची में अपने पहले पति के घर को छोड़कर 4 बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत आ गई थी। जुलाई 2023 में सीमा और सचिन को गिरफ्तार किया गया था। सीमा पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप है, जबकि सचिन पर अवैध अप्रवासी को शरण देने का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, बाद में दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
सीमा हैदर की बेटी का जन्म प्रमाण पत्र जारी
बीते 18 मार्च को सीमा ने बेटी को जन्म दिया जिसका नाम भारती रखा गया है। जिसका बर्थ सर्टिफेकेट भी जारी कर दिया गया है। सीमा हैदर के मुंहबोले भाई और वकील एपी सिंह ने बताया कि 26 अप्रैल को सीमा हैदर ने भारत में रहने की विधिवत अपील भी सरकार से की है। वकील ने इस बात पर नाराजगी जताई कि कुछ लोग सीमा को पहलगाम आतंकी हमले से जोड़कर निशाना बना रहे हैं, जो पूरी तरह गलत और निंदनीय है। उन्होंने आग्रह किया कि सीमा के मामले को मानवीय आधार पर देखा जाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






