ठाकुर बांके बिहारी ने पहनी डॉलर की माला, अमेरिका से गुमनाम भक्त ने भेजा विशेष चढ़ावा

top-news
Thakur Banke Bihari

Mathura: श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में विश्वप्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में इन दिनों फूल बंगले का विशेष आयोजन चल रहा है। सुबह और शाम ठाकुर बांके बिहारी महाराज फूलों से सजे भव्य बंगले में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। भक्तों की भारी भीड़ के बीच हर दिन मंदिर का दृश्य अत्यंत भव्य और श्रद्धा से परिपूर्ण नजर आता है। इस आयोजन के दौरान ठाकुरजी को एक विशेष और अनोखा चढ़ावा भेंट किया गया, जिसने भक्तों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह चढ़ावा अमेरिका से भेजा गया था,जो की डॉलर की माला थी। यह डॉलर की माला बुधवार को ठाकुर बांके बिहारी महाराज को अर्पित की गई।

अमेरिका से आया गुप्त दान
डॉलर की यह माला एक विदेशी भक्त ने भेंट की है, जो अमेरिका का निवासी है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह एक गुप्त दान है और उस भक्त ने अपनी पहचान और विवरण साझा नहीं किया है। उसकी इच्छा है कि यह भेंट पूरी तरह ठाकुरजी की सेवा में गुप्त रूप से समर्पित रहे। भक्त इस दृश्य को देखकर अभिभूत हो उठे। हर कोई इस अनूठे चढ़ावे की चर्चा कर रहा है और ठाकुरजी की महिमा की सराहना कर रहा है। फूल बंगले की सजावट के बीच ठाकुरजी को डॉलर की माला में सुशोभित देखना भक्तों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया है।

ठाकुरजी का विभिन्न प्रकार के फूलों और श्रृंगार
मंदिर के सेवायतों ने बताया कि ठाकुर बांके बिहारी महाराज को समय-समय पर देश-विदेश से अनेक विशेष भेंटें प्राप्त होती हैं, लेकिन इस प्रकार की डॉलर माला पहली बार आई है। यह आयोजन आने वाले कई दिनों तक चलेगा, जिसमें ठाकुरजी को विभिन्न प्रकार के फूलों और श्रृंगार से सजाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *