ग्रेटर नोएडा के लोगों को मिलेगा जाम से छुटकारा, यहां फ्लाईओवर बनकर तैयार, इस क्षेत्र को मिले फायदा
Greater Noida, Traffic Jam,
- Shiv Kumar
- 15 May, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिल जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) की औद्योगिक साइट 5 से सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज के बीच फ्लाईओवर (Flyover) बनकर तैयार हो गया है। अब सिर्फ 400 मीटर लंबे फ्लाईओवर पर सड़क बनने का काम बाकी है। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
कासना में ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा
बता दें कि फ्लाईओवर के निर्माण पर 18.36 करोड़ रुपये की लागत आई है। फ्लाईओवर बनने से कासना होकर जाने वाले मालवाहक वाहनों का दबाव कम होगा। इससे कासना में ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिल जाएगा। यूपीसीडा (UPSIDA) के एक्सपोर्ट प्रमोशन इंडस्ट्रियल पार्क (EPIP), फ्लैटेड फैक्टरी के साथ ही साइट 5 में सैकड़ों औद्योगिक इकाइयां हैं। इन इकाइयों में कच्चे और तैयार माल की आवाजाही सड़क के जरिये होती है। अभी तक माल वाहक वाहन कासना होकर साइट पांच आते जाते हैं।
2023 में शुरु हुआ था निर्माण कार्य
वाहनों का दबाव बढ़ने से कासना में सड़क पर जाम की स्थिति बनती है। यहां लगने वाले जाम के समाधान के लिए ईपीआइपी से सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज के नजदीक तक करीब 400 मीटर लंबे और 3 लेन के फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। फ्लाईओवर का निर्माण उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने दिसंबर 2023 में शुरू किया था। इसका फायदा सेक्टरों के साथ गांवों के लोगों को भी होगा।
सिर्फ सड़क निर्माण बाकी
यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक सिविल एनके जैन ने बताया कि फ्लाईओवर पर सड़क निर्माण का काम बाकी है। इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसके शुरू होने से कासना, परीचौक पर वाहनों का दबाव कम होगा। वाहन सीधे जिम्स, जीबीयू होकर नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर आवाजाही कर सकेंगे।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *







