डीएसएम कम्पनी परिसर में एक हजार पेड़ों की अवैध कटाई, एनजीटी ने वन विभाग से जवाब मांगा

top-news
Greater noida

Greater Noida: राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने ग्रेटर नोएडा स्थित बंद डीएसएम कंपनी परिसर में लगभग एक हजार पेड़ों की अवैध कटाई के मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के वन विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है। यह मामला एनजीटी में विचाराधीन है और अब इसकी अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंद पड़ी इस कंपनी के परिसर में बीते जून महीने में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की गई थी। यह परिसर करीब 22 वर्षों से बंद पड़ा है और अचानक यहां 980 से अधिक पेड़ काट दिए गए, जिनमें सखुआ, गुलर, आम और अन्य महत्वपूर्ण प्रजातियों के पेड़ शामिल थे।

एनजीटी को यह मामला उत्तर प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) द्वारा दिए गए हलफनामे में ज्ञात हुआ। 1 मई 2025 को दायर इस हलफनामे में बताया गया कि पेड़ों की कटाई बिना किसी वैधानिक अनुमति के की गई थी। न तो राज्य सरकार से अनुमति ली गई और न ही पर्यावरणीय नियमों का पालन किया गया। इस पर एनजीटी ने नाराजगी जताई और राज्य के वन विभाग से जवाब मांगा है।

वन अधिनियम के स्पष्ट उल्लंघन के इस मामले में अब पर्यावरणीय संगठन और स्थानीय नागरिक भी जागरूक हो गए हैं। एनजीटी का कहना है कि इस तरह की अवैध कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

इस पूरे मामले पर अब 17 सितंबर को एनजीटी में अगली सुनवाई होगी, जिसमें वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को अपना पक्ष रखना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *