Kanpur: पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिवार से मिले PM मोदी, ऐशन्या ने कहा- मेरे पति को मिले शहीद का दर्जा

top-news
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाया और आतंकवाद के खिलाफ जारी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शुभम की पत्नी ने पीएम से रो-रोकर अपने पति को शहीद का दर्जा देने और आतंकियों की साजिश को उजागर करने का अनुरोध किया। 

पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी के परिवार से शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चकेरी एयरपोर्ट पर मुलाकात की। करीब आठ मिनट की इस मुलाकात में शुभम के माता-पिता और पत्नी ऐशन्या प्रधानमंत्री के सामने अपने आंसू नहीं रोक सके। ऐशन्या प्रधानमंत्री के सामने हाथ जोड़ते हुए बोलीं कि उनके पति की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए।

आतंकियों ने नाम पूछकर मारी थी गोली

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। शुभम द्विवेदी अपने परिवार के 11 सदस्यों के साथ बैसारन घाटी में घूमने गए थे। वे एक रेस्टोरेंट में बैठे थे, तभी आतंकियों ने अचानक हमला किया। ऐशन्या ने बताया कि एक आतंकी ने उनके पति से नाम पूछा और फिर सिर में गोली मार दी। शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, इस आतंकी हमले में कुल 26 पर्यटकों की जान गई।

शुभम के परिवार के सामने भावुक हुए मोदी

करीब आठ मिनट की मुलाकात में पीएम मोदी भी भावुक नजर आए। उन्होंने शुभम के माता-पिता और पत्नी को ढांढस बंधाते हुए आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया। शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूरे मन से संवेदना जताई और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का भरोसा दिलाया है। 

शुभम को शहीद का दर्जा देने की मांग

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद ऐशन्या ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी से दो बातें की। एक, उनके पति को शहीद का दर्जा दिया जाए और दूसरा ये कि इस हमले के पीछे आतंकी देश के हिंदू-मुस्लिमों को बांटने की साजिश के तहत काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आतंकी धर्म पूछकर गोलियां चला रहे थे, जिससे साफ होता है कि वे भारत को अंदरूनी रूप से बांटना चाहते हैं। पीएम मोदी ने ऐशन्या की बातों को गंभीरता से सुना और सहमति जताई। 

आतंकवाद के खिलाफ जंग रहेगी जारी-पीएम 

प्रधानमंत्री मोदी ने ऐशन्या की बातों को ध्यान से सुना और उनके प्रति सहमति जताई। शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने संवेदना जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं के खिलाफ सरकार पूरी सख्ती से खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में फिर से मुलाकात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *