उधार दिए ढाई लाख रुपए मांगने पर रोडवेज के सेवानिवृत्त बाबू की हत्या, मेरठ में रजवाहे के किनारे फेंका शव

top-news
मेरठ में हत्या से फैली सनसनी

Meerut:  मेरठ के गंगानगर क्षेत्र निवासी रोडवेज विभाग से सेवानिवृत बाबू 67 वर्षीय मूलचंद त्यागी की घर से ले जाकर रजबहे के किनारे रात में हत्या कर दी गई। सुबह के समय घटना की जानकारी हुई। पुलिस के मुताबिक, उधर दिए ढाई लाख रुपए वापस मांगने पर हत्या की गई है। 

ब्याज पर लोगों को पैसा देते थे मूलचंद
जानकारी के मुताबिक, गंगानगर एफ ब्लॉक 110 निवासी मूलचंद त्यागी यूपी रोडवेज विभाग से बाबू के पद से करीब 5 वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे।  इसके बाद वह घर के बाहर छोटी सी परचून की दुकान चलाते थे। मूलचंद ने  करीब 8 से 10 लाख रुपए ब्याज पर अलग-अलग लोगों को दिए हुए थे। कसेरुबक्सर निवासी सेल्समैन आजाद जाटव और उसके दोस्त को करीब ढाई लाख रुपए उधर दिए हुए थे। मूलचंद त्यागी अब अपने रुपए वापस मांग रहे थे।

हिसाब करने के लिए लेकर साथ ले गया था आजाद
मूलचंद की पत्नी अनीता, बेटे अतुल ने बताया कि मंगलवार शाम 6.30 बजे आजाद बाइक से आया। उसने कहा कि जिस दोस्त को पैसे दिए थे, वो हिसाब में में गड़बड़ी बता रहा है। आजाद ने फाइल में से हिसाब का स्टाम्प पेपर, लिखित पेपर निकाल लिए। वह पेपर और मूलचंद को बात कराने की बात कहकर बाइक पर बैठाकर ले गया। रात 8 बजे तक फोन पर अंतिम बार बात हुई। रात 11 बजे तक वापस न आने पर डायल - 112 को सूचना दी। 

सुबह पुलिस ने हत्या की दी जानकारी
पुलिस ने तलाश करने की बात कही। बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे पुलिस ने परिजनों को हत्या की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एनएच -34 पर सिखेड़ा रजबहे पर लेजाकर हत्या की है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। आरोपी फरार है, पुलिस तलाश में लगी है।एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बुजुर्ग का शव मिला है। परिजनों की तहरीर की आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *