Jhansi: गैर बिरादरी में शादी करना महिला सिपाही को पड़ा महंगा, पंचायत ने सुनाया तुगलकी फरमान, पिता ने लगाई ये गुहार

top-news
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला सिपाही ने दूसरी जाति के दारोगा से लव मैरिज करना गांव की पंचायत को इतना नागवार गुज़रा

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला सिपाही ने दूसरी जाति के दारोगा से लव मैरिज करना गांव की पंचायत को इतना नागवार गुज़रा कि उन्होंने तुगलकी फरमान सुना डाला। पंचायत ने महिला सिपाही के परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया और उन पर 20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगा दिया। यही नहीं, पंचायत ने गांव वालों को चेतावनी दी कि अगर किसी ने इस परिवार से बातचीत या संबंध रखने की कोशिश की, तो उसे भी सजा भुगतनी पड़ेगी।

इक्कसवीं सदी में भी अन्तरजातीय विवाह पर समाज की दकियानूस सोच हावी है, जो इसे आसानी से नहीं स्वीकार कर पाती। खासतौर पर गांवों में, जहां ऐसे मामलों पर पंचायत भी अजब-गजब फैसले सुना देती है। ऐसे मामलों की श्रृंखला में अब एक ताजा घटनाक्रम जुड़ गया है, जिसमें झांसी के बचेरा गांव में पंचायत का गुस्सा महिला सिपाही और दारोगा के अन्तरजातीय विवाह पर फूट पड़ा।

अन्तरजातीय विवाह के चक्कर में लगा जुर्माना 

इस तुगलकी फरमान में कहा गया कि जो भी व्यक्ति इस परिवार से बात करेगा या कोई रिश्ता रखेगा, उस पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगेगा। साथ ही उसे पूरे गांव में चप्पलों से पीटते हुए नग्न घुमाया जाएगा। यह पूरा घटनाक्रम न सिर्फ महिला सिपाही और उसके परिवार के लिए अपमानजनक है, बल्कि कानून और संविधान के खिलाफ भी है।

पीड़ित महिला सिपाही के माता-पिता ने पंचायत के इस फैसले के खिलाफ आवाज उठाई है। वह गरौठा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस और टोडी फतेहपुर थाने पहुंचे और पंचायत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

पीड़ित परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल 

वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि पंचायत अपना तुगलकी फरमान सुना रही है, लेकिन किसी ने इसका विरोध करने की हिम्मत नहीं दिखाई। वहीं पीड़ित परिवार ने सीनियर पुलिस अधिकारियों से न्याय की मांग की है। साथ ही पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *