Breaking News

शादी से पहले आई मौत; ग्रेनो में कैंटर ने दो चचेरे भाइयों को रौंदा, बाइक से जा रहे थे ड्यूटी

top-news
ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसा

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया।  सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में कैंटर और बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों एक ही परिवार के थे।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद देर शाम को गमगीन माहौल में परिवार के लोगों ने अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में एक साथ दो अर्थी उठने पर मातम पसर गया। 

ड्यूटी करने जा रहे थे दोनों युवक
जानकारी के मुताबिक, खुर्शीदपुरा गांव के धीरज (20) और कुलदीप (25) सूरजपुर स्थित यामहा फैक्ट्री में नौकरी करते थे। रोजाना की तरह दोनों बुधवार की सुबह बाइक से ड्यूटी करने जा रहे थे। जैसे ही देवला गांव स्थित निक्को मोड पर पहुंचे तभी सामने एक कैंटर मुडने लगा और पीछे से बस आ गई। कैंटर और बस की चपेट में मोटरसाइकिल सवार आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि धीरज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने घायल अवस्था में कुलदीप को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। 

निक्को मोड पर हुआ हादसा
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बुधवार को थाना सूरजपुर क्षेत्र के अंतर्गत निक्को मोड पर कैंटर डीसीएम की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार धीरज पुत्र जोगिंदर और कुलदीप कुमार पुत्र गोपाल सिंह घायल हो गये। जिन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान दोनों व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी है।  पुलिस द्वारा कैंटर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लायी जा रही है।

कुलदीप की होने वाली थी शादी
ग्रामीणों ने बताया कि कुलदीप का मंगनी हो चुकी थी और जल्द शादी होने वाली थी। कुलदीप के बड़े भाई की शादी हो चुकी है। कुलदीप के पिता भोपाल व धीरज के पिता जुगेंद्र गांव में ही खेती करते हैं। धीरज की मां उसे व उसके बड़े भाई को बचपन ही छोड़कर चली गई थी। ड्यूटी करने के बाद खाना बनाने की जिम्मेदारी धीरज की ही थी। बड़ा भाई पिता के साथ नौकरी के साथ खेती के काम में हाथ बटाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *