ये यूनिवर्सिटी बनी 'नशा बार', हॉस्टल में गांजा और शराब पार्टी कर रहे छात्र, वीडियो वायरल
Greater Noida news
- Shiv Kumar
- 19 Jun, 2025
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय के हॉस्टल से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें कुछ छात्र गांजा और शराब पार्टी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया। फिलहाल वीडियो किसका है, यह पुष्टि नहीं हो पाई है।
कानून व्यवस्था पर सवाल
बताया जा रहा है कि यह वीडियो इकोटेक प्रथम थाना क्षेत्र स्थित गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के हॉस्टल का है। जिसमें कुछ छात्र अवैध रूप से गांजा और शराब का सेवन कर रहे थे। वीडियो में छात्र खुलेआम नशा करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं, बल्कि यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था भी कटघरे में है।
पदार्थ आखिर कैसे पहुंचे
सबसे बड़ा सवाल यह रहा है कि हॉस्टल में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ आखिर कैसे पहुंच रहे हैं? क्या सुरक्षा जांच में चूक हो रही है या कोई आंतरिक मिलीभगत है? इस वीडियो ने यूनिवर्सिटी प्रशासन की गंभीर लापरवाही को उजागर किया है।
बता दें कि गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में दाखिला लेकर छात्र अपना भविष्य संवारने आते हैं, लेकिन कुछ युवा अब नशे के जाल में फंसते जा रहे हैं। इससे न केवल उनका करियर खतरे में पड़ रहा है, बल्कि यह अन्य छात्रों के लिए भी एक गलत उदाहरण पेश करता है।
वीडियो वायरल की जाँच शुरू
वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की पुष्टि के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन का पक्ष इस मामले में अभी तक नहीं आया है. यह एक वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बड़े सामाजिक और शैक्षणिक संकट की ओर इशारा करता है, जिसमें समय रहते कार्रवाई बेहद आवश्यक है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






