Greater Noida: अजनारा होम्स में प्राधिकरण का डंडा, अवैध क्योस्क और ठेले फुल स्टॉप!
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 16बी के अजनारा होम्स सोसायटी में चल रही अवैध गतिविधियों पर प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए बुधवार को 4 अवैध क्योस्क सील कर दिए और 9 रेहड़ी-पटरी जब्त कर ली गई।
- Rishabh Chhabra
- 25 Jun, 2025
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 16बी के अजनारा होम्स सोसायटी में चल रही अवैध गतिविधियों पर प्राधिकरण ने सख्त कदम उठाते हुए बुधवार को 4 अवैध क्योस्क सील कर दिए और 9 रेहड़ी-पटरी जब्त कर ली गई। यह कार्रवाई निवासियों की लगातार शिकायतों के बाद की गई, जिसमें कहा गया था कि सोसायटी के बाहर अवैध रूप से दुकानों और ठेलों के जमावड़े से आवागमन में दिक्कत हो रही थी और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया था।
कैसे हुई कार्रवाई?
यह पूरा अभियान प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह के निर्देश पर चलाया गया। मौके पर परियोजना विभाग के वर्क सर्कल-1 के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में एक टीम पहुंची और मौके पर मौजूद सभी अवैध क्योस्क को सील कर दिया गया, वहीं रेहड़ी-पटरी भी ट्रक में लादकर जब्त कर ली गई।
इस अभियान के दौरान टीम ने पहले मौके का निरीक्षण किया, फिर अवैध रूप से लगी सभी दुकानों को चिन्हित किया और मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दुकान मालिकों को हटाया। प्राधिकरण की यह कार्रवाई पूरी तरह नियमों के दायरे में की गई और स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्वक पूरी की गई।
क्यों हुई यह कार्रवाई?
बताया जा रहा है कि इन अवैध दुकानों के चलतेसोसायटी के रिहायशी लोग लंबे समय से परेशान थे। आए दिन सोसायटी के बाहर रेहड़ी-पटरी और अवैध दुकानों के कारण जाम की स्थिति बन जाती थी। सबसे बड़ी चिंता थी कि इन जगहों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा था, जिससे महिलाएं और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे।
निवासियों की तरफ से प्राधिकरण के नियोजन विभाग को इस संबंध में कई बार शिकायतें दी गई थीं। अंततः जब स्थिति बिगड़ने लगी तो प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर कार्रवाई की।
प्राधिकरण ने क्या कहा?
प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि, “शहर में अवैध अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रिहायशी इलाकों की सुरक्षा और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर नियमित रूप से कार्रवाई होती रहेगी।”
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने बिना अनुमति के व्यवसाय शुरू किए हैं या सार्वजनिक स्थान पर कब्जा किया है, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निवासियों ने ली राहत की सांस
इस कार्रवाई के बाद अजनारा होम्स सोसायटी के निवासियों ने राहत की सांस ली है। कई लोगों ने सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रुप्स पर प्राधिकरण की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को बनाए रखने की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि यह एक साफ संदेश भी है कि अवैध कब्जे और अतिक्रमण को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






