ग्रेटर नोएडा को मिली बड़ी सौगात, इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर की होगी स्थापना, 15 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
करीब 15,000 हजार लोगों को नौकरी मिलेगी।
- Shiv Kumar
- 26 Jun, 2025
Greater Noida: केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग का हब बनाने की दिशा में लगातार आगे कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में औद्योगिक नगरी गौतमबुद्धनगर को एक और तोहफा मिला है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने ग्रेटर नोएडा में 417 करोड़ रुपए की लागत से इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना को मंजूरी दे दी है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इलेक्ट्रानिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर-टू (ईएमसी-2) शुरू होने से करीब 15,000 हजार लोगों को नौकरी मिलेगी। इसके साथ ही लघु उद्योग भी विकसित होंगे।
200 एकड़ में बनेगा क्लस्टर
इलेक्ट्रॉनिक मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना में राज्य सरकार की प्रमुख भूमिका होगी।इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने अपने कर्मियों को सरकार के कर्मचारियों के साथ मिलकर तेजी से काम करने का निर्देश दिया है। इस परियोजना को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किया जाएगा। यह क्लस्टर 200 एकड़ में फैला होगा और इसमें 2500 करोड़ के निवेश की उम्मीद जताई दा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस परियोजना से विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण होगा और 15,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं का होगा निर्माण
मंत्री ने बताया कि इस क्लस्टर में औद्योगिक इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, चिकित्सा उपकरण, कंप्यूटर हार्डवेयर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं, ऑटोमोटिव सहित संचार उपकरणों का निर्माण होगा। क्लस्टर की स्थापना से स्टार्टअप और एमएसएमई को विश्व स्तरीय विनिर्माण सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां बिजली व पानी की व्यवस्था, सीवेज उपचार, श्रमिकों के आवास, कौशल विकास केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित रूप में मिलेंगी। जिससे उद्योगपतियों को सहूलियत मिलेगी।
सड़क, रेल और हवाई मार्ग से जुड़ेगा कलस्टर
उन्होंने बताया कि यह क्लस्टर यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और आगामी पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे के साथ रणनीतिक रूप से जुड़ा होगा। यह कलस्टर रेलवे स्टेशन और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों के भी करीब है। मेडिकल डिवाइस पार्क, एमएसएमई व अपैरल पार्क एवं एविएशन हब जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्रों यह क्लस्टर से घिरा होगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






