ग्रेनो में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, टूटी हाइटेंशन लाइन में अचानक आए करंट से युवक की मौत

top-news
रबूपुरा थाना क्षेत्र के गांव में हुआ हादसा

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के  अनवरगढ़ गांव में आंधी में टूटी हाइटेंशन लाइन के नंगे तार की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। इस हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और बिजली विभाग को मौत का जिम्मेदार ठहराया। ग्रामीणों का कहा है कि सूचना देने के बाद भी विभाग ने टूटी लाइन को नहीं हटाया था। 

15 दिन पहले घेर पर गिर गया था तार
जानकारी के मुताबिक, अनवरगढ़ गांव निवासी अनीश (40) के घेर (अहाता) के पास से होकर 11 हजार केवीए की बिजली लाइन गुजर रही है। करीब 15 दिन पहले आई आंधी में हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर घेर पर गिर गया था। ग्रामीण ने बिजली विभाग में सूचना देकर लाइन को हटाकर थोड़ी दूरी पर लगाने की मांग की थी। 

15 दिन बाद अचानक आ गया करंट
ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर पहुंचे कर्मचारी ने बताया कि बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई है। इससे अनीश और उसका परिवार आश्वस्त हो गया और वहां पड़े हाइटेंशन लाइन के तार से बिना डरे कार्य करने लगे। इसी बीच अनीश बुधवार को टूटे पड़े तार के पास काम कर रहा था, तभी  करंट आने से वह चपेट में आकर झुलस गया और मौके पर ही मौत हो गई। अनीश की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई। 

लाइन हटाने के लिए मांगे थे एक लाख रुपये
यह जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही के कारण युवक की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा करने लगे। सूचना मिलने के पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि अनीश ने हादसे की आशंका के चलते पहले ही जर्जर लाइन को वहां से हटाने की मांग की थी। लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारियों ने इसके लिए एक लाख रुपये की रिश्वत की मांगी थी। रुपये न देने पर न तो जर्जर लाइन को दुरुस्त किया और न ही हटाया। इसी वजह से अनीश को अपनी जान गंवानी पड़ गई। 

पैसा जमा न होने के कारण लाइन नहीं किया शिफ्ट
विद्युत निगम ग्रेटर नोएडा के अधीशासी अभियंता सुभाष चंद्र मौर्य का कहना है कि 11 हजार केवी की लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाना था, जिसकी स्वीकृति भी हो चुकी थी। पीड़ित द्वारा लाइन शिफ्टिंग शुल्क जमा नहीं किया गया, इस वजह से लाइन शिफ्ट नहीं हो सकी थी। हादसे की सूचना विद्युत सुरक्षा निर्देशालय को दे दी गई है। निर्देशालय की टीम जांच करेगी, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

बिजली विभाग के छह कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज
वहीं, अनीश के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने यूपीपीसीएल के एक्सईएन सुभाष चंद्र मौर्य, पूर्व एक्सईएन राहुल शर्मा, दनकौर एसडीओ अजय, पूर्व एसडीओ विनय कुमार, सलारपुर बिजलीघर के जेई कमलेश और लाइनमैन फखरुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *