Delhi का ‘स्वीटी’ निकला शातिर स्नैचर, नोएडा में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया जिंदा

top-news
नोएडा में अपराध के खिलाफ पुलिस की चौकसी और सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली है। जहां शनिवार की सुबह थाना सेक्टर-58 की पुलिस टीम सेक्टर-57 के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी।

नोएडा में अपराध के खिलाफ पुलिस की चौकसी और सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली है। जहां शनिवार की सुबह थाना सेक्टर-58 की पुलिस टीम सेक्टर-57 के पास सर्विस रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस का इशारा नजरअंदाज कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत बाइक सवार का पीछा किया। इस दौरान भागते समय बाइक डिवाइडर से टकरा गई और बदमाश सड़क पर गिर पड़ा। लेकिन गिरने के बावजूद वह रुकने को तैयार नहीं हुआ। अपने को घिरता देख उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

बदमाश की ओर से किए गए फायर के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और इसमें बदमाश को गोली लग गई, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बदमाश की पहचान रोहित उर्फ स्वीटी, पुत्र ओमकार, निवासी ग्राम घड़ौली, थाना गाजीपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 साल बताई जा रही है।

बदमाश के पास से तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने रोहित के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की बाइक (स्प्लेंडर प्लस) बरामद की है, जिसकी रजिस्ट्रेशन संख्या UP16DY8971 है। बता दें कि बरामद की गई बाइक के संबंध में थाना खोडा, गाजियाबाद में दर्ज एक मुक़दमा संख्या 214/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत चोरी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। यानी बदमाश की बाइक पहले से ही चोरी की थी और अब वह नोएडा में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

बदमाश के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी पुलिस 

फिलहाल घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस अन्य कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है कि वह पहले भी किसी वारदात में शामिल रहा है या नहीं।

इस घटना ने यह दिखा दिया कि नोएडा पुलिस पूरी मुस्तैदी से अपराधियों पर नजर बनाए हुए है। मोबाइल स्नैचिंग, बाइक चोरी और हथियारों के साथ घूमते बदमाश आम लोगों के लिए खतरा बनते हैं। लेकिन समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और जवाबी कार्रवाई ने यह भी साबित किया कि कानून से खेलने वालों को अब कोई छूट नहीं मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *