Greater Noida: गुलावली गांव से अनंगपुर की ओर किसान यूनियन का कूच, पंचायत में लिया गया ये बड़ा फैसला

top-news
ग्रेटर नोएडा के गुलावली गांव में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की पंचायत आयोजित हुई

ग्रेटर नोएडा के गुलावली गांव में भारतीय किसान यूनियन (भानु) की पंचायत आयोजित हुई, जिसमें फरीदाबाद के अनंगपुर गांव में प्रशासन द्वारा मकान तोड़े जाने के विरोध में 13 जुलाई को होने वाली महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया गया।


ग्रेटर नोएडा के गुलावली गांव में आज भारतीय किसान यूनियन (भानु) की एक अहम पंचायत का आयोजन हुआ। यह पंचायत दो प्रमुख मुद्दों को लेकर बुलाई गई, जिनमें पहला ये कि फरीदाबाद के अनंगपुर गांव में हो रही प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ महापंचायत में भागीदारी, और दूसरा, संगठन विस्तार। पंचायत की अध्यक्षता रमेश नेता जी ने की, जबकि संचालन सुभाष भाटी ने किया।


अनंगपुर के लिए किसानों की हुंकार


पंचायत में राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी बीसी प्रधान ने बताया कि हरियाणा के अनंगपुर गांव में प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर लोगों के मकान तोड़ने शुरू कर दिए हैं। लेकिन असल में यह "गांव उजाड़ो नीति" के तहत सरकार की सोची-समझी रणनीति है। चौधरी प्रधान ने कहा, कि "हमारी सरकारें विकास की बात करती हैं, लेकिन यहां पर विकास के नाम पर गांवों को उजाड़ा जा रहा है। हम इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे।"


उन्होंने जानकारी दी कि 13 जुलाई को अनंगपुर संघर्ष समिति द्वारा एक बड़ी महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में किसान और ग्रामीण जुटेंगे। इसी के समर्थन में गुलावली की पंचायत में भी सैकड़ों ग्रामीणों ने अनंगपुर चलने का आह्वान किया।


पूरे देश से जुटेंगे किसान


बीसी प्रधान ने बताया कि देशभर के अलग-अलग राज्यों से भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ता और किसान अनंगपुर पहुंचेंगे। ये किसान वहां हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाएंगे और गांव के साथ खड़े रहेंगे। उनका कहना था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और सरकार लोगों को बिना पुनर्वास के उजाड़ रही है, जो संवैधानिक रूप से गलत है।


संगठन विस्तार की भी घोषणा


इस पंचायत के दौरान संगठन को मज़बूत करने के उद्देश्य से संगठन विस्तार की भी घोषणा की गई। जिसमें संतराज चपराना और सोनू चपराना को गुलावली ग्राम का ग्राम अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं सोनू जेसीबी नोएडा को नोएडा कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया। सभी नए पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति समर्पण की बात कहते हुए, किसानों और ग्रामीणों के हित में लगातार काम करने का वादा किया।


किसानों और युवाओं से की सहयोग की अपील


पंचायत में मौजूद यूनियन नेताओं और ग्रामीणों ने सभी किसानों और युवाओं से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में 13 जुलाई को अनंगपुर महापंचायत में पहुंचे और इस संघर्ष को मज़बूती दें। पंचायत के अंत में "जय जवान, जय किसान" के नारे गूंजे और एकजुटता का संदेश दिया गया।


बैठक में मौजूद रहे किसान 


इस मौक़े पर चौधरी बेगराज प्रधान, प्रेम सिंह भाटी,रामकेश चपराना,ओमप्रकाश गुर्जर,भँवर प्रधान, महेश तवर, प्रेमचंद शर्मा,जोगेंद्र चपराना, डाक्टर रोहतास, हरेन्द्र बैसोया, कालू तवर, अंकुर कश्यप, धर्मवीर प्रधान, गजराज ठेकेदार, चिंटू नागर वीरपाल नागर इत्यादि मौजूद सैकड़ों लोग मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *