Greater Noida: ग्रीन बेल्ट में पेड़ कटाई पर प्राधिकरण का कहर, उद्यान विभाग पर गिरी गाज, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट

top-news
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई थ्री की ग्रीन बेल्ट में पेड़ों को अवैध रूप से काटे जाने की घटना पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई थ्री की ग्रीन बेल्ट में पेड़ों को अवैध रूप से काटे जाने की घटना पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। इस घटना के सामने आने के बाद संबंधित कॉन्ट्रैक्टर योगेंद्र एसोसिएट्स को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसके अलावा, प्राधिकरण में जमा सिक्योरिटी मनी जब्त करने और एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


उद्यान विभाग पर गिरी गाज


वहीं ग्रीन बेल्ट में हुई इस लापरवाही को लेकर उद्यान विभाग में भी जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सहायक प्रबंधक के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। वहीं, सुपरवाइजर अनूप भाटी और तकनीकी सुपरवाइजर महेश तिवारी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।


अवैध पेड़ कटाई के साक्ष्य मिले


सीईओ एनजी रवि कुमार ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने उद्यान विभाग के अधिकारियों डीजीएम संजय कुमार जैन, वरिष्ठ प्रबंधक पीपी मिश्र, प्रबंधक प्रशांत समाधिया और सहायक प्रबंधक हरिंदर सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान पेड़ काटे जाने के स्पष्ट सबूत मिले।


ठेकेदार को इसी साल सौंपी गई थी जिम्मेदारी


ग्रीन बेल्ट और अन्य हरित क्षेत्रों की देखरेख की जिम्मेदारी योगेंद्र एसोसिएट्स को इसी साल अप्रैल में दो साल के लिए सौंपी गई थी। लेकिन पेड़ काटने की घटना के बाद एसीईओ ने संस्था को ब्लैकलिस्ट करने और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है। साथ ही, प्राधिकरण में जमा सिक्योरिटी मनी भी जब्त की जाएगी।


बिना अनुमति पेड़ काटने पर होगी कड़ी कार्रवाई


इस घटना ने प्राधिकरण में हड़कंप मचा दिया है। एसीईओ ने साफ चेतावनी दी है कि भविष्य में बिना वन विभाग की अनुमति पेड़ काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


सीईओ एनजी रवि कुमार ने ग्रेटर नोएडा के निवासियों से अपील की है कि वे पेड़ न काटें, उनकी देखभाल करें और शहर को स्वच्छ व हरित बनाए रखने में सहयोग दें। साथ ही, उन्होंने बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान चलाने का भी आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *