https://nownoida.com/uploads/images/ads/head2.jpg

Jhansi में 'लव-ज्वैलरी स्कैम', दुल्हन ने रची फिल्मी साजिश, मोबाइल ने खोल दी साजिश की पोल!

top-news
https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

यूपी के झांसी जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। यहां एक नई-नवेली दुल्हन ने शादी के महज तीन महीने बाद ऐसा धोखा दिया कि पुलिस तक हैरान रह गई। दुल्हन ने अपने ही पति और जेठ को नशीला खाना खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर घर में रखे लाखों रुपये के गहने व नकदी समेटकर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।


शादी के तीन महीने बाद रची साजिश


यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र की नई बस्ती का है। यहां रहने वाले नवल किशोर ने अपने छोटे बेटे यशवंत की शादी तीन महीने पहले अमरौख गांव की रीना से की थी। शुरू में सबकुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन 1 जून को जब घर के बुजुर्ग किसी शादी समारोह में गए हुए थे, तभी रीना ने मौका देखकर अपनी चाल चली। उसने पति यशवंत और जेठ को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद रीना घर में रखे करीब 3 लाख रुपये के गहने और 50 हजार रुपये नकद समेट कर अपने प्रेमी रिंकू के साथ फरार हो गई।


मायके वालों ने पलटा पासा


रीना के लापता होते ही यशवंत के परिवार ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जांच शुरू की ही थी कि तभी रीना के मायके वाले भी थाने पहुंच गए और उन्होंने उल्टा आरोप लगा दिया कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है और शव को गायब कर दिया गया है। इससे पुलिस भी भ्रम में पड़ गई और मामला पेचीदा हो गया।


मोबाइल से मिला सुराग


वहीं दूसरी ओर रीना और उसका प्रेमी रिंकू सूरत भाग गए थे और दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे। ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिले लेकिन एक छोटी सी गलती ने उन्हें फंसा दिया। रीना ने अपना मोबाइल रिंकू के भाई को दे दिया था। कुछ दिन पहले जब रिंकू का भाई ने झांसी के पाल कॉलोनी में उस मोबाइल को ऑन किया, तो पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर ली। इसी कड़ी से पुलिस को दोनों का पता चला और टीम ने सूरत पहुंचकर रीना और रिंकू को गिरफ्तार कर लिया।


एसपी सिटी ने किया खुलासा


एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दुल्हन रीना और उसका प्रेमी रिंकू पिछले पांच साल से रिलेशनशिप में थे। रीना इस शादी से खुश नहीं थी, लेकिन परिवार के दबाव में उसे यशवंत से शादी करनी पड़ी। शादी के बाद भी रीना और रिंकू का संपर्क बना रहा और दोनों ने मिलकर इस पूरी वारदात की योजना बनाई।


पुलिस ने दोनों को गहनों और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। अब इनके खिलाफ लूट, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों जेल की सलाखों के पीछे हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

https://nownoida.com/uploads/images/ads/head1.png

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *