नोएडा की इस सोसाइटी में IT इंजीनियर महिला का शव फंदे पर लटका मिला, जानिए क्यों उठाया ऐसा खौफनाक कदम?

top-news
महिला के भाई ने पति और सास ससुर समेत चार के खिलाफ दर्ज कराई FIR

Noida: नोएडा के सेक्टर-74 स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी में एक आईटी इंजीनियर महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला का शव उसके फ्लैट में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। सूचना पर पहुंची थाना सेक्टर-113 पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास-ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।


दीपिका की 2023 में हुई थी शादी

थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान दीपिका गोयल के रूप में हुई है, जिनकी शादी फरवरी 2023 में आदित्य गोयल नामक युवक से हुई थी। दीपिका के भाई अनमोल गोयल, निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद, ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दीपिका को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। घर और कार की मांग को लेकर उस पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था।


फैमिली ग्रुप पर लिखा बाय और सॉरी

अनमोल ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 4 बजे उसकी बहन से वीडियो कॉल पर बात हुई थी। लेकिन रात करीब पौने नौ बजे फैमिली ग्रुप पर दीपिका के फोन से अचानक "बाय", "सॉरी" और "आई लव यू" जैसे मैसेज आए। उनका आरोप है कि ये मैसेज खुद दीपिका ने नहीं, बल्कि पति और ससुराल वालों ने भेजे थे। जब उन्होंने बार-बार कॉल किया तो जवाब मिला कि सभी लोग पार्क में टहलने गए हैं। कुछ ही समय बाद रात करीब 10:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि दीपिका ने फांसी लगा ली है।


पति सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज

दीपिका को पास के फोर्टिस अस्पताल (सेक्टर-62) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति आदित्य गोयल, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा  दर्ज कर लिया है। आदित्य नोएडा के पास ईकोटेक थर्ड स्थित एक कंपनी में बेबी प्रोडक्ट्स का व्यवसाय करता है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *