ग्रेटर नोएडा के पार्कों के रखरखाव में लापरवाही, प्राधिकरण ने चार कंपनियों पर 1.10 लाख का जुर्माना ठोका

top-news
निर्माण सामग्री जब्त, मौके पर पौधरोपण करने के निर्देश

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के उद्यान कार्यों के रखरखाव में लापरवाही करने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग की टीम ने 4 फर्मों पर 1.10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की रकम इन फर्मों को होने वाले भुगतान में से कटौती की जाएगी। वहीं ग्रेनो प्राधिकरण के उद्यान विभाग की टीन ने सेक्टर म्यू वन की ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण को तत्काल रुकवा दिया है। निर्माण सामग्री जब्त कर ली है। जिस जगह अतिक्रमण हो रहा था, वहां पर शीघ्र ही पौधरोपण भी कराया जाएगा।

मैसर्स मानवी कंस्ट्रक्शन पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी
 ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर ग्रीन बेल्ट, पार्क, सेंट्रल वर्ज आदि के रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए उद्यान विभाग की टीम नियमित निगरानी कर रही है। खामी मिलने पर जुर्माना लगा रही है। ओएसडी गुंजा सिंह ने बताया कि उद्यान विभाग के डीजीएम के नेतृत्व में उद्यान विभाग की टीम ने शुक्रवार को चार अलग-अलग जगहों पर जायजा लिया। सेक्टर गामा वन में सेंट्रल वर्ज पर ग्रीनरी का रखरखाव उचित नहीं मिलने पर मैसर्स मानवी कंस्ट्रक्शन पर 50 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। इसी सेक्टर बीटा वन में पार्कों का रखरखाव उचित न मिलने पर मैसर्स सरिता इंटरप्राइजेस पर 20 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई गई है।

सेक्टर म्यू वन की ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण को प्राधिकरण ने रोका
130 मीटर रोड के सेंट्रल वर्ज पर ग्रीनरी का रखरखाव ठीक न मिलने पर मैसर्स वंशिका लैंडस्केप पर 30 हजार रुपये की पेनल्टी लगाई गई है। इसके अलावा एसीसी प्लांट से तिगड़ी गेट तक ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज पर ग्रीनरी का रखरखाव उचित न मिलने पर उद्यान विभाग की टीम ने मैसर्स एमएसवी एसोसिएट्स पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की रकम इन फर्मों को होने वाले भुगतान में से कटौती की जाएगी। इसके साथ ही ग्रेनो प्राधिकरण के उद्यान विभाग केडीजीएम संजय कुमार जैन के नेतृत्व में प्रबंधक प्रशांत समाधिया और प्रबंधक मिथिलेश कुमार की टीम ने सेक्टर म्यू वन की ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाते हुए निर्माण सामग्री जब्त कर ली है। जिस जगह अतिक्रमण हो रहा था, वहां पर पौधारोपण करने के निर्देश ओएसडी गुंजा सिंह ने दिए हैं। उन्होंने चेताया है कि अगर किसी ने पौधे को हटाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रीनरी ग्रेटर नोएडा की खास पहचान
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि ग्रीनरी ग्रेटर नोएडा की खास पहचान है। इसे बरकरार रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही करने वालों के खिलाफ प्राधिकरण की तरफ से कार्रवाई जारी रहेगी। सभी ग्रेटर नोएडावासियों से अपील है कि बारिष के मौसम में खूब पौधे लगाएं। उनकी देखभाल करें। ग्रेटर नोएडा को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने में भागीदारी निभाएं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *