Greater Noida में वोटर अपडेट मिशन ऑन! मोबाइल उठाओ, लोकतंत्र निभाओ
- Rishabh Chhabra
- 30 Jul, 2025
ग्रेटर नोएडा में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी, गौतम बुद्ध नगर के निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूची से जुड़ी सुविधाओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या उसमें सुधार करवाने की प्रक्रिया को अब और आसान बना दिया गया है।
इन पोर्टलों के जरिए करें आवेदन
इस बारे में जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल https://voters.eci.gov.in और Voter Helpline App (VHA) को आम नागरिकों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। इन डिजिटल माध्यमों से कोई भी व्यक्ति घर बैठे वोटर लिस्ट से संबंधित कार्य कर सकता है।
इन फॉर्म्स के जरिए करें आवेदन
अतुल कुमार ने बताया कि जो व्यक्ति पहली बार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने जा रहे हैं, वे ऑनलाइन फार्म-6 भर सकते हैं। इसके माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नए मतदाता पंजीकरण करा सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति का नाम पहले से मतदाता सूची में है, लेकिन अब वह अपने पते में बदलाव चाहता है, या उसकी जानकारी में कोई त्रुटि है, या फिर वह अपना फोटो पहचान पत्र ठीक कराना चाहता है, तो उसके लिए फार्म-8 भरा जा सकता है। इसके अलावा अगर किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से जुड़ गया है, कोई व्यक्ति अब इस पते पर नहीं रहता, या उसकी मृत्यु हो चुकी है, तो उसका नाम हटवाने के लिए फार्म-7 भरा जा सकता है।
24 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए विशेष निर्देश
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से 24 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुत से लोग हैं जो अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, जबकि वे पूरी तरह से पात्र हैं। आयोग का मानना है कि इस आयु वर्ग के नागरिकों का नाम देश या प्रदेश की किसी न किसी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होने की संभावना है। ऐसे में उन्हें फार्म-8 के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उनका नाम सही ढंग से सूची में दर्ज हो सके।
डिजिटल माध्यम से प्रक्रिया हुई सरल
सरकार की यह पहल युवाओं और नए वोटरों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। अब लोगों को मतदाता पंजीकरण के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर के जरिए बहुत आसानी से अपना नाम जुड़वा सकते हैं, पहचान पत्र ठीक कर सकते हैं या जानकारी अपडेट कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे समय पर अपना पंजीकरण कराएं और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *






