डीएम मेधा रूपम का अल्टीमेटम, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं होनी चाहिए बिजली गुल

- Nownoida editor1
- 02 Aug, 2025
Noida: गौतमबुद्ध नगर की पहली महिला जिलाधिकारी मेधा रूपम ने चार्ज संभालते ही सक्रिय हो गई हैं। कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा की जा रही विद्युत आपूर्ति, रखरखाव एवं उपभोक्ता सेवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए विद्युत लाइनों की मरम्मत एवं जर्जर तारों को बदलने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ट्रांसफार्मर की समय पर मरम्मत, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता विवेक कुमार व रितेश आनंद सहित अधिशासी अभियंता भी उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में हो रहे निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
वहीं, जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट परिसर में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का गहन स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से जल निकासी व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए नालियों और सीसी निर्माण कार्यो की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में कलेक्ट्रेट परिसर उत्पन्न न हो। इसके लिए सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए एवं कलेक्ट्रेट परिसर के जल निकासी हेतु ठोस कार्य योजना बनाते हुए किए जा रहे कार्य को अंतिम रूप प्रदान किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *